Home मऊ पुलिस भर्ती परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए केंद्र व्यवस्थापकों के...

पुलिस भर्ती परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक संपन्न

0 19 परीक्षा केंद्रों पर कुल 8256 अभ्यर्थी परीक्षा में होंगे सम्मिलित*

मऊ।  प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा- 2025 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आनंद वर्धन की अध्यक्षता में कल देर शाम कैंप कार्यालय सभागार में परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक संपन्न हुई। बैठक में परीक्षा आयोजन से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
यह परीक्षा आगामी 8,9 एवं 10 जून 2026 को जनपद के कुल 19 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी, जिसमें कुल 8256 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षा की प्रथम पाली प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3:00 बजे से 5:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि परीक्षा के एक दिन पूर्व समस्त व्यवस्थाओं का रिहर्सल कार्य कराया जाए, ताकि किसी प्रकार की कमी शेष न रहे।जिलाधिकारी ने कहा कि पुलिस भर्ती परीक्षा अत्यंत संवेदनशील प्रकृति की परीक्षा है। सभी केंद्र व्यवस्थापक शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गंभीरतापूर्वक अध्ययन कर लें। उन्होंने कहा कि छोटी सी लापरवाही भी जनपद की छवि को प्रभावित कर सकती है, इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अत्यंत सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा कक्ष में पेन,प्रवेश पत्र एवं आधार कार्ड के अतिरिक्त कोई भी सामग्री मान्य नहीं होगी। परीक्षा केंद्रों पर कार्यरत समस्त कर्मचारियों के लिए पहचान पत्र (आई-कार्ड) अनिवार्य रूप से जारी किए जाएं। मोबाइल अथवा अन्य सामग्री जमा कराने वाले स्थानों पर पर्याप्त स्टाफ की तैनाती की जाए, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था अथवा भगदड़ की स्थिति उत्पन्न न हो।
गर्मी के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने समस्त परीक्षा केंद्रों पर ठंडे पेयजल, छाया, फर्स्ट एड बॉक्स एवं प्राथमिक चिकित्सा की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि सभी सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता पूर्व में जांच ली जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी उपकरण सुचारु रूप से कार्य कर रहे हों। उन्होंने परीक्षा संचालन संबंधी निर्धारित समय सीमा एवं बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि बाहरी जनपदों से आने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन आदि प्रमुख स्थानों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही परीक्षा के दिन यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार डीआईओएस,संबंधित अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here