मधुबन। मधुबन-घोसी मार्ग पर शुक्रवार की रात लगभग 11 बजे बनियाबान तिराहा स्थित पेट्रोल पंप के समीप एक टेम्पो और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि टेम्पो में सवार अन्य यात्रियों को हल्की चोटें आईं। दोनों गंभीर घायलों का इलाज जिला अस्पताल मऊ में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सवारियों से भरा एक टेम्पो मधुबन से घोसी की तरफ जा रहा था। इसी दौरान पेट्रोल पंप पर कार्यरत एक कर्मी अपनी बाइक लेकर पंप से बाहर निकला। तभी तेज रफ्तार बाइक सामने से आ रहे टेम्पो से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक चालक जय प्रकाश पाण्डेय उर्फ पिंटू (45) निवासी मधुबन गंभीर रूप से घायल हो गए तथा उनकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।
वहीं टेम्पो में सवार रेनू यादव (32) पत्नी लालजी यादव निवासी जीयनपुर को भी गंभीर चोटें आईं। अन्य यात्रियों को मामूली चोटें लगीं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल 112 पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों गंभीर घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं टेम्पो में सवार अन्य यात्रियों को दूसरे वाहन से उनके गंतव्य के लिए रवाना कराया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।












