Home मऊ बाढ़ पूर्व तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के साथ की...

बाढ़ पूर्व तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के साथ की समीक्षा बैठक

0 15 जून तक समस्त तैयारियां पूर्ण करने के दिए निर्देश

मऊ। जिलाधिकारी आनन्द वर्धन की अध्यक्षता में जनपद में संभावित बाढ़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु संबंधित विभागों के साथ बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को शासन की गाइडलाइन के अनुरूप समस्त तैयारियां 15 जून से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए तथा बाढ़ के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी।
बैठक में जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग को समस्त बाढ़ सुरक्षा परियोजनाएं 15 जून से पूर्व पूर्ण करने, बांधों की मरम्मत कार्य समयबद्ध रूप से कराने तथा लंबित टेंडर प्रक्रियाओं का शीघ्र निस्तारण कर कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने समस्त तहसीलों को बाढ़ चौकियों, नावों, नाविकों एवं लाइफ जैकेट सहित आवश्यक संसाधनों की पूर्ण तैयारी सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही नाव एवं नाविकों का सत्यापन कर अद्यतन सूची तैयार करने तथा बड़ी नावों के उपयोग को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बाढ़ शरणालयों की तैयारी समय से पूर्ण करने तथा सभी तहसीलों को बाढ़ से संबंधित सभी तैयारियां 15 जून से पूर्व पूरी करने के निर्देश दिए। नगर विकास विभाग को पर्याप्त मात्रा में चूना एवं ब्लीचिंग पाउडर की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
स्वास्थ्य विभाग को बाढ़ के दौरान उपयोग में आने वाली आवश्यक दवाइयों, इंजेक्शन तथा अन्य चिकित्सकीय संसाधनों की अग्रिम व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। पशुपालन विभाग को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के टीकाकरण का कार्य पूर्व में ही पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
कृषि विभाग को पिछले वर्ष हुए फसल नुकसान का आकलन करते हुए इस वर्ष बेहतर रणनीति के साथ तैयारी करने तथा अभियान चलाकर किसानों को अधिक से अधिक फसल बीमा योजना से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
पंचायती राज विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था, जल निकासी तथा सरकारी हैंडपंपों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।
जल निगम एवं जल जीवन मिशन के अंतर्गत बिछाई जा रही पाइपलाइनों को बाढ़ क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने तथा समस्त अधिशासी अधिकारियों को पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की पूर्व जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस विभाग को बाढ़ चौकियों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं जल पुलिस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को अपने निर्धारित दायित्वों का पूर्ण निष्ठा से निर्वहन करने तथा विभागीय कार्यों के अतिरिक्त भी आवश्यकता पड़ने पर बाढ़ राहत कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखने तथा प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल रिस्पांस सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ जैसी आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी विवेक श्रीवास्तव,अपर जिलाधिकारी सहित समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here