मऊ। मधुबन तहसील क्षेत्र के दुबारी चौकी को उच्चीकृत कर थाना बनाए जाने का प्रस्ताव नवागत जिलाधिकारी आनन्द वर्धन के कार्यभार संभालतें ही एक बार फिर तेजी पकड़ लिया है। शनिवार को चकबंदी विभाग,स्थानीय तहसील प्रशासन और पुलिस प्रशासन संयुक्त रूप से चिन्हित स्थान पर पहुंचकर मानकों का परीक्षण किया।
बता दें कि दुबारी चौकी थाना बनाए जाने के सभी मानकों को पूर्ण करता है। तथा भौगोलिक दृष्टिकोण से घाघरा की तलहटी एवं दो जनपदों की सीमाओं से सटे होने के कारण दुबारी को थाना बनाए जाने के लिए लोगों की वर्ष 2008 से मांग किया जा रहा है। 17 वर्ष बीतने के बाद भी दुबारी चौकी को उच्चीकृत कर थाना नहीं बनाया गया। हालांकि तत्कालीन जिलाधिकारी एवं पुलिस विभाग के आला अधिकारियों के निर्देश के बाद सीओ अंजनी कुमार पाण्डेय ने दुबारी को थाना बनाए जाने के लिए राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ टमठा स्थित एक भूमि का निरीक्षण कर उसे थाना बनाने के लिए प्रस्तावित किया था ।लेकिन चकबंदी विभाग के शिथिलता के कारण प्रस्ताव तैयार नहीं किया गया। नवागत जिलाधिकारी आनन्द वर्धन के पदभार संभालते ही दुबारी को थाना बनाने की कवायद एक बार पुन: तेज हो गई है। तथा अधिकारी गण चिन्हित स्थान पर पहुंचकर थाना बनाने के मानकों का परीक्षण किया । तथा स्थानीय लोगों को शीघ्र थाना बनाए जाने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर सीओ अंजनी कुमार पाण्डेय, नायब तहसीलदार गौरव प्रताप सिंह, प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह, कानूनगों प्रभाकर उपाध्याय आदि रहें।










