Home मऊ धनतेरस और दीपावली पर्व को लेकर मऊ पुलिस अलर्ट,सीसीटीवी कैमरे से होगी...

धनतेरस और दीपावली पर्व को लेकर मऊ पुलिस अलर्ट,सीसीटीवी कैमरे से होगी निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम

मऊ। उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद में धनतेरस और दीपावली के पावन पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराने के लिए मऊ पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आ रही है। त्योहारों के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक सर्वेश मिश्रा के निर्देश पर पूरे जनपद में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि आम नागरिक बिना किसी डर और परेशानी के त्योहार की खुशियां मना सकें। धनतेरस और दीपावली के दौरान बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ती है। इसी को देखते हुए शहर के प्रमुख बाजारों, व्यस्त चौराहों, मुख्य मार्गों, सार्वजनिक स्थानों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की निगरानी बढ़ाई जा रही है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ लगातार गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए भी विशेष रणनीति तैयार की जा रही है। बाजारों में लगने वाले जाम से लोगों को राहत दिलाने, वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने और पैदल आने-जाने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख चौराहों और बाजारों में यातायात पुलिस की सक्रियता बढ़ाई जा रही है, जिससे त्योहार के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सुरक्षा के लिहाज से पुलिस प्रशासन द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। इसके साथ ही भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन का विशेष जोर इस बात पर है कि त्योहारों के दौरान महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और आम राहगीरों को किसी तरह की असुविधा न हो। बाजारों में सुरक्षा का माहौल बना रहे और किसी भी प्रकार की अराजकता, हुड़दंग या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जा सके। वहीं, दीपावली के अवसर पर पटाखों और आतिशबाजी को लेकर भी लोगों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। नागरिकों से अनुरोध है कि निर्धारित नियमों का पालन करें, सुरक्षित स्थानों पर ही आतिशबाजी करें और बच्चों को पटाखे जलाते समय अकेला न छोड़ें। किसी भी तरह की लापरवाही से बचें, ताकि खुशियों का यह त्योहार किसी हादसे का कारण न बने।
बाईट – सर्वेश मिश्रा (पुलिस अधीक्षक,मऊ)

Author Profile

पवन कुमार पाण्डेय
पवन कुमार पाण्डेय
प्रधान सम्पादक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here