Home मऊ मधुबन थाने में डीएम-एसपी ने सुनी जनता की फरियाद, मातहतों को दिए...

मधुबन थाने में डीएम-एसपी ने सुनी जनता की फरियाद, मातहतों को दिए सख्त निर्देश, जूनियर हाई स्कूल बूथ का किया निरीक्षण

संवाददाता: संजय गुप्ता

मधुबन, मऊ। जिलाधिकारी आनंद वर्धन और पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्र ने आज मधुबन थाने का दौरा किया। थाने में आयोजित थाना दिवस के अवसर पर दोनों अधिकारियों ने संयुक्त रूप से जनता की फरियाद सुनी और मौके पर ही कई शिकायतों का निस्तारण कर मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जैसे ही डीएम और एसपी के मधुबन थाने में पहुंचने की सूचना मिली, फरियादियों की भीड़ थाने पर उमड़ पड़ी। जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने एक-एक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना। ज्यादातर मामले जमीन विवाद, पैमाइश, वरासत और राजस्व से जुड़े थे।

एक फरियादी ने बताया कि उसकी जमीन पर पड़ोसी ने अवैध कब्जा कर लिया है। तो वहीं एक अन्य महिला ने शिकायत की कि उसके जेठ ने उसकी जमीन पर कब्जा कर रखा है और लेखपाल सुन नहीं रहा है। इसी तरह कई लोगों ने नाली, चकरोड और आपसी विवाद की शिकायतें कीं।

डीएम आनंद वर्धन ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जाकर निस्तारण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जमीन संबंधी विवादों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लेखपाल और कानूनगो समय से मौके पर जाएं और निष्पक्ष पैमाइश करें।

वहीं पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्र ने पुलिस से जुड़ी शिकायतों को सुना। उन्होंने महिलाओं से जुड़े मामलों में तत्काल FIR दर्ज कर कार्रवाई करने और साइबर ठगी के मामलों में सख्ती बरतने का निर्देश प्रभारी निरीक्षक को दिया। एसपी ने कहा कि थाने पर आने वाले हर फरियादी के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उसकी शिकायत को गंभीरता से सुना जाए। उन्होंने लंबित विवेचनाओं को जल्द पूरा करने का भी निर्देश दिया।

0 जूनियर हाई स्कूल बूथ का किया निरीक्षण…
थाना दिवस के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मधुबन के जूनियर हाई स्कूल में बने बूथ का निरीक्षण किया। आगामी चुनावों को देखते हुए प्रशासन ने बूथों के सत्यापन का कार्य शुरू कर दिया है।

डीएम आनंद वर्द्धन ने बूथ पर पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने बिजली, पानी, शौचालय, रैंप और बैठने की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि बूथों पर दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्था की जाए। साथ ही बीएलओ से बात कर मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य की जानकारी ली और कहा कि कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए और अपात्र का नाम सूची में न रहे।

एसपी सर्वेश कुमार मिश्र ने बूथ की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और थानाध्यक्ष को निर्देश दिया कि अति संवेदनशील बूथों को चिन्हित कर सुरक्षा के संबंध में रणनिति तैनार करें। इस अवसर पर एसडीएम मधुबन दीपक सिंह, प्रभारी निरीक्षक मधुबन कृष्ण कुमार गुप्त, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित राजस्व विभाग के लेखपाल, कानूनगो और पुलिस विभाग के उपनिरीक्षक और कांस्टेबल मौजूद रहे।

Author Profile

पवन कुमार पाण्डेय
पवन कुमार पाण्डेय
प्रधान सम्पादक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here