Home मऊ फसल क्षति मुआवजे का मुख्यमंत्री का द्वारा लाइव शुभारंभ, विधायक रामविलास चौहान...

फसल क्षति मुआवजे का मुख्यमंत्री का द्वारा लाइव शुभारंभ, विधायक रामविलास चौहान ने 10 किसानों को सौंपा चेक, एसडीएम को दिए सर्वे के निर्देश

मधुबन, मऊ। मधुबन तहसील सभागार में सोमवार को किसानों के लिए आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में फसल क्षति मुआवजा योजना का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लाइव प्रसारण के माध्यम से शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मधुबन तहसील में भी लाइव प्रसारण दिखाया गया, जहां मुख्य अतिथि के रूप में मधुबन विधायक रामविलास चौहान मौजूद रहे। विधायक ने सांकेतिक रूप से 10 किसानों को मुआवजा राशि का चेक प्रदान किया और शेष किसानों का जल्द सर्वे कराकर सरकार की मंशा के अनुरूप मुआवजा दिलाने के लिए एसडीएम दीपक सिंह को निर्देशित किया।

गोरखपुरे  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के उन किसानों के लिए फसल क्षति मुआवजा योजना का शुभारंभ किया, जिनकी फसलें हाल ही में अतिवृष्टि, बाढ़ और सूखे के कारण बर्बाद हो गई थीं। मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेश के सभी तहसील सभागारों में किया गया। इसी क्रम में मधुबन तहसील सभागार में भी बड़ी स्क्रीन लगाकर लाइव प्रसारण दिखाया गया। बड़ी संख्या में मौजूद किसानों ने मुख्यमंत्री के संबोधन को सुना।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार किसानों के हित के लिए प्रतिबद्ध है। प्राकृतिक आपदा से फसल खराब होने पर सरकार किसानों को अकेला नहीं छोड़ेगी। हर पात्र किसान को समय पर मुआवजा मिलेगा और इसके लिए अधिकारियों को पारदर्शिता के साथ सर्वे करने के निर्देश दिए गए हैं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मधुबन विधायक रामविलास चौहान ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बाद सांकेतिक रूप से 10 किसानों को फसल क्षति मुआवजे का चेक सौंपा। चेक पाकर किसानों के चेहरे पर खुशी देखी गई।

इस अवसर पर विधायक रामविलास चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में किसान कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मधुबन क्षेत्र में जिन किसानों की फसलें बारिश और बाढ़ से खराब हुई हैं, उन सभी को सरकार मुआवजा देगी। कोई भी पात्र किसान छूटने नहीं पाएगा। उन्होंने एसडीएम दीपक सिंह को निर्देश दिया कि राजस्व विभाग की टीम बनाकर गांव-गांव जाकर सर्वे कराया जाए और सरकार की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पीड़ित किसान को मुआवजा दिलाया जाए।

कार्यक्रम में एसडीएम दीपक सिंह ने कहा कि तहसील प्रशासन द्वारा पहले से ही फसल क्षति का आंकलन किया जा रहा है। विधायक जी के निर्देश पर अब अभियान चलाकर सर्वे को और तेज किया जाएगा। लेखपाल और कानूनगो गांव-गांव जाकर फसल नुकसान का सत्यापन करेंगे और रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी, ताकि सभी पात्र किसानों के खाते में मुआवजा राशि भेजी जा सके।

इस अवसर पर तहसीलदार अशोक कुमार कुशवाहा, बीडीओ अनिल कुमार कुशवाहा सहित तहसील के सभी अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा भाजपा नेता शिवानंद मल्ल, अभिषेक सिंह, राजीव चौहान, संजय चौहान, विनोद चौहान, छोटेलाल चौहान सहित तमाम भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में विधायक ने किसानों से अपील की कि वे किसी भी बिचौलिए के चक्कर में न पड़ें। मुआवजा राशि सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाएगी।

Author Profile

पवन कुमार पाण्डेय
पवन कुमार पाण्डेय
प्रधान सम्पादक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here