मऊ। जनपद के देवांचल क्षेत्र के दुबारी के धूस पुरवा के बाढ़ प्रभावित 13 परिवारों के लिए रविवार का दिन राहत भरा रहा। प्रदेश के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा दुबारी स्थित जनता शिक्षा निकेतन इण्टरमिडिएट कालेज में पहुंचे और वहां सभी विस्थापित परिवारों को अपने हाथों से राहत सामग्री वितरित की।
घाघरा नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण धूस पुरवा में पानी घुस गया था, जिसके बाद प्रशासन ने 13 परिवारों को सुरक्षित निकालकर मोलनापुर एक विद्यालय में ठहराया है। मंत्री ए.के. शर्मा ने प्रत्येक परिवार को राशन किट, कंबल, कपड़े और अन्य जरूरी सामान दिया। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।
इस दौरान मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि देवरांचल में हर साल बाढ़ और कटान की समस्या आती है। इस समस्या का स्थाई समाधान जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस कटान का स्थाई हल निकालने के लिए वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अनुरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी खुद इस मामले को लेकर गंभीर हैं और जल्द ही कोई ठोस योजना बनाई जाएगी, ताकि हर साल लोगों को विस्थापित न होना पड़े।
0 मधुबन के विकास के लिए सदैव तत्पर हूं…
मंत्री ने कहा कि मधुबन क्षेत्र के विकास के लिए वह सदैव तत्पर हैं। उन्होंने कहा कि हर दो किलोमीटर की दूरी पर मेरे द्वारा गांवों को विकास की कड़ी से जोड़ने का कार्य किया गया है और आगे भी यह कार्य जारी रहेगा। सड़कों का जाल बिछाया गया है, बिजली व्यवस्था सुधारी गई है और अन्य विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बाढ़ पीड़ितों को सरकार की हर योजना का लाभ मिलेगा। मंत्री ए.के. शर्मा ने तहसील प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि एसडीएम और उनकी टीम ने समय रहते 13 परिवारों को सुरक्षित निकालकर सराहनीय कार्य किया है।
इस अवसर पर एसडीएम मधुबन दीपक कुमार सिंह, तहसीलदार अशोक कुमार कुशवाहा, सीओ मधुबन दिनेश दत्त मिश्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतहपुर मंडाव के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार पांडेय, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि प्रवीण कुंवर सिंह, घोसी चीनी मिल डायरेक्टर प्रतिनिधि अखिलेश सिंह, सत्यम राय, सुशील कुमार पांडेय, अशोक सिंह, राहुल दीक्षित, प्रतीक राय, सत्यम राय, अखिलेश राज, रतन गुप्ता, महाप्रसाद गुप्ता, विकास मल्ल सहित कई भाजपा कार्यकर्ता और राजस्व कर्मी मौजूद रहे।













