Home मऊ मधुबन में बाढ़ का प्रकोप विनाशकारी, धूस गांव में बाढ़ पीड़ित बदहाली...

मधुबन में बाढ़ का प्रकोप विनाशकारी, धूस गांव में बाढ़ पीड़ित बदहाली को मजबूर, आप नेता सर्वेश मिश्रा ने किया दौरा

मऊ। मधुबन में बाढ़ का प्रकोप अब विनाशकारी रूप ले चुका है। मधुबन विधानसभा क्षेत्र के दुबारी ग्राम पंचायत के धूस गांव में बाढ़ पीड़ित बदहाली का जीवन जीने को मजबूर हैं। लोगों के घरों में पानी घुस गया है, कई घर तो गिर चुके हैं। न राशन है, न पशुओं के लिए चारा और न ही इलाज की कोई व्यवस्था है। जहरीले जीवों के काटने से लोगों की जानें जा रही हैं, लेकिन प्रशासन की तरफ से कोई ठोस मदद नहीं मिल रही है।

ग्रामीणों का आरोप है कि सरकार ने दिखावे के लिए बस बाढ़ चौकी का बोर्ड लटका रखा है। बाढ़ चौकी पर न कोई अधिकारी है, न दवा है और न ही राशन की व्यवस्था।

0 संजय सिंह के प्रतिनिधि सर्वेश मिश्रा धूस गांव पहुंचे…
बाढ़ पीड़ितों का दर्द सुनने के लिए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता व राज्यसभा सांसद संजय सिंह के प्रतिनिधि सर्वेश मिश्रा कार्यकर्ताओं के साथ धूस गांव पहुंचे। उन्होंने गांव में घूम-घूम कर बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई दिनों से पूरा गांव पानी में घिरा हुआ है। खाना बनाने तक की व्यवस्था नहीं है। बच्चे भूखे हैं और बीमार पड़ रहे हैं। पशुओं के लिए चारा नहीं है। सांप-बिच्छू के काटने का डर बना रहता है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की कोई टीम गांव में नहीं पहुंची है।

सर्वेश मिश्रा ने कहा कि सरकार बाढ़ पीड़ितों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। केवल कागजों पर राहत कार्य दिखाया जा रहा है, जमीनी हकीकत कुछ और ही है। उन्होंने कहा कि धूस गांव के लोग नरकीय जीवन जीने को मजबूर हैं, लेकिन सरकार को उनकी कोई चिंता नहीं है।

0 आप की सरकार से मांग…
आम आदमी पार्टी ने सरकार से मांग की है कि तुरंत बाढ़ चौकियों पर राशन, दवा, एंबुलेंस और रहने की पुख्ता व्यवस्था की जाए। बाढ़ पीड़ितों को तत्काल राहत सामग्री और आर्थिक सहायता दी जाए।

सर्वेश मिश्रा ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही मांगें पूरी नहीं कीं, तो आम आदमी पार्टी जनता के हक के लिए सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि आप पार्टी बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़ी है और उनकी हर लड़ाई लड़ेगी।

उन्होंने कहा कि सांसद संजय सिंह ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया है और संसद में इस मुद्दे को उठाएंगे।

इस दौरान आप नेता विजय जी, जयराम यादव, मनोज कुमार, अविनाश जी, राजकुमार जायसवाल, अनिल प्रजापति सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने बाढ़ पीड़ितों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here