Home मऊ जहनियांपुर मोड़ पर दर्दनाक हादसा, बिजली के पोल से टकराई बाइक, दो...

जहनियांपुर मोड़ पर दर्दनाक हादसा, बिजली के पोल से टकराई बाइक, दो युवकों की मौत

0 आठ घंटे बाद खाई में मिली बाइक और दोनों के शव, सड़क चौड़ीकरण व पोल शिफ्टिंग की मांग को लेकर ग्रामीणों ने लगाया जाम

मऊ। कोपागंज थाना क्षेत्र के कुर्थीजाफरपुर नगर पंचायत अंतर्गत बरलाई-धवरियासाथ मार्ग पर जहनियांपुर मोड़ के पास शनिवार की रात दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। अंधे मोड़ पर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकराने के बाद सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद दोनों युवक रातभर लापता रहे। करीब आठ घंटे बाद रविवार सुबह बाइक समेत दोनों के शव खाई में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतकों की पहचान कुर्थीजाफरपुर निवासी आकाश (24) और उनके बुआ के बेटे, दोहरीघाट थाना क्षेत्र के गोठा निवासी निकेश (26) के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि शनिवार रात करीब नौ बजे हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और काफी देर तक दोनों की तलाश करते रहे, लेकिन अंधेरा होने के कारण उनका कोई पता नहीं चल सका।
रविवार सुबह करीब पांच बजे खोजबीन के दौरान सड़क किनारे खाई में बाइक और दोनों युवक पड़े मिले। परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सड़क जाम कर ग्रामीणों ने जताया आक्रोश
हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने बरलाई-धवरियासाथ मार्ग पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि जहनियांपुर मोड़ पर सड़क संकरी होने के साथ ही अंधा मोड़ हादसों का कारण बन रहा है। ग्रामीणों ने सड़क चौड़ीकरण, पेड़ों की कटाई और सड़क के किनारे स्थित बिजली के पोल को तत्काल शिफ्ट कराने की मांग की।
जाम करीब चार घंटे तक जारी रहा। स्थिति को देखते हुए दक्षिण टोला, कोपागंज थाने की पुलिस के साथ पीएसी बल को मौके पर तैनात किया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते मोड़ को सुरक्षित बनाने और बिजली के पोल को हटाने की कार्रवाई की गई होती तो शायद इस तरह के हादसे को टाला जा सकता था। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here