मऊ। नगर पंचायत मधुबन के वार्ड नं. 11 ककराडीह में बिजली व्यवस्था पूरी तरह से भगवान भरोसे चल रही है। यहां बिजली के पक्के पोल न होने के कारण बांस और बल्लियों के सहारे तार खींचे गए हैं। आंधी-बारिश में आये दिन लाइट बाधित रहती है और तार नीचे लटक जाते हैं, जिससे हमेशा जान-माल का खतरा बना रहता है। इसको लेकर स्थानीय निवासी हरिमोहन निषाद ने अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड मधुबन को पत्र लिखकर स्थाई पोल लगवाने की मांग की है, लेकिन शिकायत के बाद भी समाधान नहीं हो रहा है।
हरिमोहन निषाद वार्ड नं. 11 ककराडीह निवासी ककराडीह ने अधिशासी अभियंता को दिए गए प्रार्थना पत्र में लिखा है कि वार्ड में बिजली के स्थाई पोल नहीं हैं। मजबूरी में लोगों ने बांस और लकड़ी की बल्लियों के सहारे बिजली के तारों को खींच रखा है। जो कभी भी टूटकर गिर सकते हैं।
उन्होंने पत्र में उल्लेख किया है कि हल्की आंधी और बारिश में ही तार टूटकर नीचे लटक जाते हैं। करंट फैलने का डर बना रहता है। वार्ड में छोटे-छोटे बच्चों का आना-जाना लगा रहता है। कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। इसलिए तत्काल सर्वे कराकर RCC या लोहे के स्थाई पोल लगवाए जाएं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार मौखिक और लिखित शिकायत बिजली विभाग से की जा चुकी है। जेई से लेकर एक्सईएन तक को प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन विभाग केवल आश्वासन देकर खानापूर्ति कर रहा है। आज तक मौके पर सर्वे तक नहीं किया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि नगर पंचायत बनने के बाद भी इस वार्ड में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। बिजली विभाग की लापरवाही के कारण लोगों को जान जोखिम में डालकर रहना पड़ रहा है। रात के समय तारों में स्पार्किंग होती है, जिससे आग लगने का भी खतरा रहता है।
वार्ड के लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। जब कोई घटना घटेगी, तभी अधिकारी जागेंगे। बरसात का मौसम चल रहा है और बांस के पोल सड़ चुके हैं। तार पूरी तरह से नीचे झूल रहे हैं।
हरिमोहन निषाद ने बताया कि उन्होंने आखिरी बार फिर से अधिशासी अभियंता को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। यदि जल्द ही पोल नहीं लगाए गए तो वार्ड के लोग सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस अवसर पर कविलाश , अवधेश,रवि ,रामबडाई , इंदू, आशा,रमावती आदि रहें ।










