मऊ। जनपद के मधुबन तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों में अब जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बढ़ने लगा है। बाढ़ के पानी के कारण सांप, बिच्छू जैसे जीव रिहायशी झोपड़ियों और घरों में छुप रहे हैं। इसी का शिकार बनी धुस देवारा निवासी एक महिला की सर्पदंश से मौत हो गई।
मृतका की पहचान रिंकी पत्नी राजबली निवासी धुस देवारा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बाढ़ के कारण पूरा देवारा क्षेत्र जलमग्न है। लोग ऊंचे स्थानों और झोपड़ियों में रहने को मजबूर हैं।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को रिंकी अपने घर में कुछ काम कर रही थी। बाढ़ के पानी से जन जीवन अस्त-व्यस्त है। और इसी दौरान झोपड़ी में छिपे एक जहरीले सांप ने उसे डस लिया। सांप के डसते ही महिला चीख पड़ी और बेहोश हो गई।
परिजन आनन-फानन में उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतहपुर मंडाव पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
ग्रामीणों ने बताया कि बाढ़ के बाद से देवारा क्षेत्र में सर्पदंश की घटनाएं बढ़ गई हैं। प्रशासन जहरीले जीवों से बचाव के लिए कोई इंतजाम नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से एंटी वेनम इंजेक्शन और स्वास्थ्य टीम की मांग की है।










