मऊ। आगामी 1 सितंबर को आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद रावण के मधुबन आगमन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मधुबन के पांती रोड स्थित गांधी मैदान में होने वाली जनसभा को लेकर पूर्व जिलाध्यक्ष ई. विनय कुमार की अध्यक्षता में उसुरी स्थित संत रविदास की कुटी पर कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा और रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में मुख्य रूप से मधुबन विधानसभा से पार्टी के प्रत्याशी सागर यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने जनसभा को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। पूर्व जिलाध्यक्ष ई. विनय कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद रावण का यह दौरा पूर्वांचल के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। 1 सितंबर को पांती रोड स्थित गांधी मैदान में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा। इस जनसभा में जिले के साथ-साथ आसपास के जिलों से भी हजारों कार्यकर्ता और समर्थक जुटेंगे। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आजाद रावण गरीबों, दलितों, पिछड़ों और शोषित समाज की आवाज हैं। वे संसद में लगातार उनके हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। उनका मधुबन आगमन कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और जोश भरने का काम करेगा। बैठक में कार्यक्रम स्थल की व्यवस्था, मंच निर्माण, साउंड, बैरिकेडिंग, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलग-अलग टीमों का गठन किया गया।
0 गांव-गांव जाकर लोगों को करेंगे आमंत्रित…
विधानसभा मधुबन के प्रत्याशी सागर यादव ने कहा कि इस जनसभा के माध्यम से पार्टी का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को इस कार्यक्रम के लिए आमंत्रित करें। बहुजन समाज के लोगों को एकजुट करना और उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना ही पार्टी का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि मधुबन की धरती शहीदों की धरती है और यहां से चंद्रशेखर रावण सामाजिक परिवर्तन का बड़ा संदेश देंगे। कार्यकर्ताओं ने बताया कि संत रविदास कुटी पर बैठक करने का उद्देश्य महापुरुषों के विचारों से प्रेरणा लेना है। संत रविदास ने बेगमपुरा का सपना देखा था, जहां बिना भेदभाव के सभी को समान अधिकार मिले। उसी सपने को आजाद समाज पार्टी आगे बढ़ा रही है। कार्यकर्ताओं में चंद्रशेखर आजाद रावण के आगमन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। सभी ने एक स्वर में कहा कि इस बार गांधी मैदान में रिकॉर्ड तोड़ भीड़ जुटेगी और मधुबन में पार्टी की ताकत का एहसास होगा। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष शिवाजी गौतम, पिंटू, कैलाश सहित सैकड़ो लोग रहें।










