Home मऊ बसपा ने मधुबन से भरत भैया को बनाया प्रत्याशी, कार्यकर्ता सम्मेलन में...

बसपा ने मधुबन से भरत भैया को बनाया प्रत्याशी, कार्यकर्ता सम्मेलन में दिनेश चंद्रा ने किया ऐलान •भरत भैया के समर्थकों ने भाजपा छोड़ बसपा की ली सदस्यता

मऊ। बसपा ने मधुबन विधानसभा क्षेत्र 353 सीट से भरत भैया को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। इसकी घोषणा बसपा के पूर्वांचल प्रभारी एवं पूर्व एमएलसी दिनेश चंद्रा ने रविवार को मधुबन के गांधी मैदान में आयोजित विशाल कार्यकर्ता महासम्मेलन में की। सम्मेलन का आयोजन 17 साल भाजपा में रहे युवा भरत भैया ने किया था। उन्होंने बसपा का दामन थामा है। सम्मेलन में भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष डा. आरएन सिंह, बब्लू ठठेरा, आलोक मल्ल समेत दर्जनों समर्थकों के साथ बसपा में शामिल भरत भैया ने मधुबन विधानसभा में अपनी ताकत का भी एहसास करा दिया। इस सियासी ताकत का गवाह गांधी मैदान रहा। कार्यक्रम में इतनी भीड़ जुटी कि मैदान छोटा पड़ गया। कुर्सी न मिलने पर लोग धूप में खड़े होकर बसपा के पूर्वांचल के मुख्य कोर्डिनेटर का संदेश सुनते रहे। महिलाओं की भी भारी संख्या रही। जैसे ही दिनेश चंद्रा ने घोषणा की कि बहन जी ने भरत भैया को यहां से अपना प्रत्याशी बनाया है, पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। जय भीम, जय संविधान, बाबा साहब अमर रहें, बहन कुमारी मायावती जिंदाबाद के नारे देर तक गूंजते रहे।
*भाजपा-सपा पर साधा निशाना*
विशाल कार्यकर्ता महासम्मेलन को संबोधित करते हुए दिनेश चंद्रा ने 2027 विधानसभा चुनाव में मधुबन से भरत भैया को जिताने और प्रदेश में पांचवीं बार बहन मायावती को मुख्यमंत्री बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि 2012 से 2017 तक सपा शासन देखा, 2017 से अब तक भाजपा का शासन देख रहे हैं। बुलडोजर के बल पर कानून का राज नहीं चलाया जा सकता। 2007 में बहन मायावती के शासन में बिना बुलडोजर के ही गुंडा-माफिया थर-थर कांपते थे। आज अधिकारी बेलगाम हैं।
उन्होंने दावा किया कि 2027 में एक बार फिर प्रदेश में बसपा की सरकार बनेगी।सम्मेलन को पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भीम राजभर, पूर्व सांसद सालिम अंसारी, डॉ. इंदु चौधरी, इंदल राम, साबिहा अंसारी, राजविजय आदि ने भी संबोधित किया।
अंत में भरत भैया ने बसपा सुप्रीमो मायावती का आभार जताते हुए कहा कि मधुबन विधानसभा नया इतिहास लिखेगा। पार्टी के भरोसे पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा। कार्यक्रम में मऊ नगर पालिका अध्यक्ष अरशद जमाल, अबुल कैश आजमी, जिला अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार उर्फ सिंटू, विधानसभा अध्यक्ष राज कुमार राजू, अशफाक आलम, रायबहादुर, महेंद्र यादव, रमेश यादव समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here