मऊ । जीआरपी थाने का वार्षिक निरीक्षण करने पहुंचे रेलवे पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को सतर्कता, अनुशासन और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
एसएसपी ने कहा कि ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर होने वाले किसी भी वाद-विवाद या विवादित घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग अब बॉडी वॉर्न कैमरे से की जाएगी, ताकि घटनाओं का पारदर्शी रिकॉर्ड उपलब्ध रहे। उन्होंने बताया कि डीजीपी के निर्देश पर एक वर्ष के लिए जिले से अतिरिक्त पुलिस बल को अस्थायी रूप से जीआरपी थाने से संबद्ध किया गया है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हुई है।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने निर्देश दिए कि सप्ताह में कम से कम दो दिन दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में ट्रेनों में यात्रा कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें और सुरक्षा जांच करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कांवड़ यात्रा को देखते हुए भीड़भाड़ वाले रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश भी दिए गए हैं। साथ ही जीआरपी थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया है कि भीड़भाड़ के समय स्वयं स्टेशन पर मौजूद रहकर व्यवस्था की निगरानी करें, ताकि कांवड़ियों और अन्य यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।










