Home मऊ रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण हेतु प्रशिक्षकों से आवेदन आमंत्रित

रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण हेतु प्रशिक्षकों से आवेदन आमंत्रित

मऊ। राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में जनपद मऊ के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत बालिकाओं को आत्मरक्षा के प्रति सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से “रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण” कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। इसके अंतर्गत जनपद के 17 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में बालिकाओं को 03 माह तक आत्मरक्षा का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक गौतम प्रसाद ने बताया कि प्रशिक्षण कार्य हेतु मार्शल आर्ट में ब्लैक बेल्ट योग्यता रखने वाले प्रशिक्षकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी अपना आवेदन जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय, मऊ में 29 जुलाई, 2026 तक पंजीकृत डाक अथवा व्यक्तिगत रूप से जमा कर सकते हैं। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि चयनित प्रशिक्षकों को संबंधित विद्यालय में प्रशिक्षण प्रदान करने के उपरांत ₹5,000 प्रति माह की दर से मानदेय दिया जाएगा। तीन माह की प्रशिक्षण अवधि पूर्ण होने पर कुल ₹15,000 का मानदेय देय होगा। प्रत्येक विद्यालय में प्रशिक्षण अवधि 03 माह तथा प्रतिदिन 40 मिनट निर्धारित की गई है।
प्रशिक्षकों का चयन ऐसे खिलाड़ियों में से किया जाएगा जिनके पास मार्शल आर्ट में ब्लैक बेल्ट की योग्यता हो तथा जो ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में भी प्रशिक्षण देने के इच्छुक हों। यथासंभव महिला प्रशिक्षकों को प्राथमिकता दी जाएगी। महिला प्रशिक्षक उपलब्ध न होने की स्थिति में पुरुष प्रशिक्षकों का चयन किया जाएगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने पात्र एवं इच्छुक प्रशिक्षकों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रस्तुत कर बालिकाओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्रदान करने के इस महत्वपूर्ण अभियान में सहभागी बनने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here