मऊ।जनपद के मधुबन नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड आठ में शनिवार की शाम को लगभग 6 बजे अपने कमरे में फांसी लगाकर 20 वर्षीय युवक ने आत्महत्या कर लिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ ही फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड 8 स्थित एक किराए के मकान में देवरिया जनपद के बरहज थाना क्षेत्र के पैना निवासी 20 वर्षीय प्रदीप अपने छोटे भाई गुलशन और अपनी मां के साथ रहकर मेहनत मजदूरी का कार्य करता था। इस समय उसकी मां खेती-बाड़ी के कार्य से अपने घर गई हुई है, और छोटा भाई गुलशन किसी कार्य से बाहर गया हुआ था। इसी बीच प्रदीप ने कमरे में लगे पंखा में गमछा से फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया।
आसपास के लोगों के अनुसार प्रदीप क्षेत्र के एक गांव की युवती से प्रेम करता था। और फांसी लगाने के पूर्व काफी देर तक उससे मोबाइल पर बातचीत करने के साथ ही आत्महत्या करने की बात कहा था। लेकिन जब तक लोग पहुंचते उसने आत्महत्या कर ली थी।
पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।












