Home मऊ संचारी रोग नियंत्रण अभियान: बीडीओ और एडीओ पंचायत की देखरेख में फतहपुर...

संचारी रोग नियंत्रण अभियान: बीडीओ और एडीओ पंचायत की देखरेख में फतहपुर मंडाव ब्लॉक के सिद्धा-अहिलासपुर में चला सफाई अभियान, नालियों और सार्वजनिक स्थलों की हुई विशेष सफाई

मऊ। संचारी रोगों से बचाव और स्वच्छता को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोमवार को ब्लॉक फतहपुर मंडाव के सिद्धा अहिलासपुर गांव में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। बीडीओ अनिल कुमार कुशवाहा और एडीओ पंचायत पंकज मल्ल के देखरेख में सफाई कर्मियों की टीम ने गांव की बजबजाती नालियों, सार्वजनिक स्थलों और मुख्य मार्गों की साफ-सफाई की। अभियान का उद्देश्य बरसात के मौसम में मच्छर जनित और जलजनित बीमारियों पर रोक लगाना है। सुबह 9 बजे शुरू हुए अभियान में दर्जनों सफाई कर्मी फावड़ा, ब्लीचिंग पाउडर और दवाओं के साथ पहुंचे। टीम ने सबसे पहले सिद्धा गांव की मुख्य नालियों की सफाई की। लंबे समय से नालियों में कूड़ा, पॉलीथिन और गंदा पानी जमा होने के कारण बदबू और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया था। सफाई कर्मियों ने नालियों से कचरा निकालकर उसे उठवाया और नालियों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया । यहां नालियां भी पूरी तरह चोक थीं। बीडीओ अनिल कुमार कुशवाहा ने मौके पर मौजूद सफाई कर्मियों को निर्देश दिया कि नालियों की तली तक सफाई की जाए ताकि पानी का बहाव सुचारू से हो सके। उन्होंने कहा कि बरसात में रुके हुए पानी से डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियां फैलती हैं। इसलिए नालियों को साफ रखना हमारी प्राथमिकता है। सफाई के साथ-साथ सार्वजनिक स्थलों पर भी विशेष ध्यान दिया गया। टीम ने गांव के प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, पंचायत भवन, बाजार और सामुदायिक शौचालय के आसपास साफ-सफाई की। कूड़े के ढेर हटवाकर उन स्थानों पर चूने और ब्लीचिंग का छिड़काव कराया गया। एडीओ पंचायत पंकज मल्ल के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी अभियान में सहयोग किया। उन्होंने गांव के विभिन्न स्थानों पर एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया और फॉगिंग मशीन से मच्छर नियंत्रण का काम किया। एडीओ पंचायत ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 जुलाई से 31 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान हर गांव में साप्ताहिक सफाई, फॉगिंग और दवा छिड़काव कराया जाएगा। अभियान के दौरान बीडीओ और एडीओ पंचायत ने घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि अपने घरों के आसपास पानी जमा न होने दें। कूलर, टायर और गमलों में भरे पानी को सप्ताह में एक बार अवश्य खाली करें। पीने का पानी ढककर रखें और हाथ धोने के बाद ही भोजन करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here