Home मऊ स्वच्छता एवं विकास कार्यों में लापरवाही पर होगी जवाबदेही तय एडीएम

स्वच्छता एवं विकास कार्यों में लापरवाही पर होगी जवाबदेही तय एडीएम

मऊ। अपर जिलाधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी (स्थानीय निकाय) प्रवेंद्र कुमार की अध्यक्षता में अपर जिलाधिकारी कार्यालय में जनपद के समस्त नगर निकायों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं नगर निकायों द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी ने समस्त अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत प्रत्येक नगरीय निकाय में घर-घर कचरा संग्रहण, गीले एवं सूखे कचरे का पृथक्करण, सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों की नियमित साफ-सफाई तथा सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की सभी योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाए।
उन्होंने नगर निकायों को कर एवं करेत्तर देयों की शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही 15वें वित्त आयोग एवं अवस्थापना निधि से स्वीकृत विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया। बैठक में वंदन योजना, मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना, मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना, पंडित दीनदयाल नगर विकास योजना, आकांक्षी योजना सहित अन्य योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
अपर जिलाधिकारी ने कूड़ा निस्तारण व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में साफ-सफाई एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि किसी निकाय में इस संबंध में शिथिलता पाई जाती है तो संबंधित अधिशासी अधिकारी की जवाबदेही तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने निराश्रित गोवंशों के संरक्षण हेतु संचालित गौशालाओं में भूसा, चारा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 एवं पीएम स्वनिधि योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त सभी नगर निकायों में प्रतिबंधित पॉलीथिन के विरुद्ध नियमित जांच, जब्ती एवं व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए, ताकि पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
बैठक में जनपद के सभी नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here