मऊ। जनपद के मधुबन दरगाह में मंगलवार की रात 7वीं मुहर्रम के अवसर पर मेहंदी का जलूस निकला जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं की भी भागीदारी रही।
बड़ी संख्या में गाँव के हिन्दू भाई भी इसमें शामिल हो कर गाँव में आपसी एकता का परिचय दिया। जलूस में इस्लामी झंडों के साथ साथ हमारे देश की
आन -बान और शान तिरंगा भी शान से लहराया। रात लगभग 10 बजे गाँव स्थित इमामबाड़ा से निकला यह जलूस गाँव के विभिन्न चट्टी, चौराहों का भ्रमण करता हुआ गाँव स्थित क़र्बला पहुंचा। वहाँ से क़र्बला की मिट्टी ला कर गाँव में ताजिया स्थापना के लिए बने सभी चौक पर रखा गया। मेहंदी के जलूस को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला और पूरा वातावरण “या अली, या हुसैन, हुसैन जिंदाबाद, इस्लाम ज़िंदाबाद के नारों से गूँजता नजर आया।
नौजवानों ने जलूस में अखाडा के कई करतब भी दिखाए। भीषण गर्मी को देखते हुए जलूस में शामिल लोगों के लिए जगह-जगह शरबत और शुद्ध पेयजल की भी व्यवस्था की गयी थी। जलूस का समापन रात्रि के लगभग 2 बजे हुआ।जलूस को शकुशल संपन्न कराने के लिए
सुरक्षा व्यवस्था चुस्त दुरुस्त रही। बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती रही। जलूस के आगे और पीछे पुलिस के जवान मुस्तैद नजर आये। महिला पुलिस कर्मियों सहित पीएसी की ड्यूटी भी लगाई गयी। खुद थाना प्रभारी मधुबन के के गुप्त जलूस के समापन तक डटे रहे।जलूस के शकुशल समापन पर मुहर्रम कमेटी के अध्यक्ष नूर मुहम्मद उर्फ़ सोनू हिन्द ने गाँव के सभी लोगों एवं पुलिस प्रशासन के प्रति आभार प्रकट किया। बताया कि 8वीं मुहर्रम के अवसर पर बुधवार रात 9 बजे यहाँ अलम अब्बास का जलूस निकलेगा। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य अशफाक आलम, ग्राम प्रधान लक्ष्मण वर्मा, मोहसिन आलम, शाकिर अली, अवधेश वर्मा, मौलाना महबूब आलम, अनवारुल हक़, अमित वर्मा, इरशाद खान, अशरफ अंसार, अभिषेक वर्मा, नीबू लाल विश्वकर्मा, हीरा लाल यादव, अश्विनी राजभर, सहित बड़ी संख्या में गाँव के दोनों समुदाय के लोग जलूस में शामिल रहे।












