0 आमजन के लिए तीन दिनों तक रहेगी प्रदर्शनी,जनपद वासियों से अपील, प्रदर्शनी का अवश्य करें अवलोकन, सरकारी योजनाओं का ले लाभ:- जिला सूचना अधिकारी
मऊ। सरकार के 12 वर्ष तथा प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग मऊ द्वारा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकासपरक योजनाओं तथा उपलब्धियों पर आधारित तीन दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन गाजीपुर तिराहे पर किया गया।
प्रदर्शनी का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मनोज राय, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष श्री रामाश्रय मौर्य एवं गोरखपुर क्षेत्रीय महामंत्री श्री सुनील कुमार गुप्ता द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। उद्घाटन के पश्चात जनप्रतिनिधियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा प्रदर्शित सामग्री के माध्यम से विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर आयोजित मीडिया वार्ता में जनप्रतिनिधियों ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन करने की अपील की। उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शनी गाजीपुर तिराहे पर आगामी तीन दिनों तक आमजन के लिए उपलब्ध रहेगी। प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों तथा बीते वर्षों में प्राप्त महत्वपूर्ण उपलब्धियों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना है। जिला सूचना अधिकारी धनपाल सिंह ने बताया कि यह प्रदर्शनी आम जनों के लिए तीन दिन तक रहेगी। उन्होंने जनपद वासियों से अपील किया कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं एवं उनकी उपलब्धियो की जानकारी हेतु इस प्रदर्शनी का अवलोकन अवश्य करें।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मनोज राय ने कहा कि सरकार का निरंतर प्रयास है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने लोगों से प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न जनहितकारी एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने तथा उनका लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी आमजन को शासन की योजनाओं से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्री रामाश्रय मौर्य ने भी जनपदवासियों से प्रदर्शनी देखने की अपील करते हुए कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकासपरक योजनाओं, कार्यक्रमों एवं उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त होगी।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं आमजन उपस्थित रहे। प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, विकास कार्यों तथा शासन की प्रमुख उपलब्धियों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है, जिससे नागरिकों को योजनाओं की समग्र जानकारी प्राप्त हो सके।












