0 पिढवल मोड़ पर हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश, अंडरपास की उठी मांग
मऊ ।जनपद के घोसी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पिढवल मोड़ के समीप फोरलेन पार करते समय बाइक सवार एक युवक की चार पहिया वाहन की टक्कर से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान उदित कुमार (28) पुत्र उमेश कुमार, निवासी हासापुर किरकिट के रूप में हुई है। बताया जाता है कि उदित कुमार शनिवार को अपने घर से बाइक द्वारा किसी निजी कार्य से पिढवल की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह पिढवल मोड़ के पास फोरलेन पर चढ़े, घोसी की तरफ से तेज गति से आ रहे एक चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर लगते ही युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया गया कि उदित चार भाइयों में सबसे बड़े थे। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।हादसे को लेकर ग्रामीणों ने पिढवल मोड़ पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि इस स्थान पर अंडरपास या सुरक्षित पारपथ की व्यवस्था नहीं होने से आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र अंडरपास निर्माण कराने की मांग की है।उधर, परिजनों ने घोसी कोतवाली में तहरीर देकर फरार वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।












