मऊ। आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता सर्वेश मिश्रा ने कल, 29 मई को मऊ जिले में हुई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की रैली के बाद उन पर तीखा प्रहार किया है। प्रवक्ता सर्वेश मिश्रा ने तंज कसते हुए कहा कि मऊ का ‘मोहन सेतु’ भले ही न बन पाया हो, लेकिन योगी जी मऊ में ‘झूठ का सेतु’ जरूर बनाकर चले गए।
उन्होंने रैली से ठीक पहले AAP के जिलाध्यक्ष विक्रमजीत सिंह की गिरफ्तारी को अलोकतांत्रिक और तानाशाहीपूर्ण बताते हुए इसे योगी सरकार की कायराना हरकत करार दिया।
स्वास्थ्य सुविधाओं पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा, “मुझे पहले यह जानकर खुशी हुई थी कि योगी जी अस्पताल का उद्घाटन करने आ रहे हैं, लेकिन जब पता चला कि वह एक ‘प्राइवेट अस्पताल’ के उद्घाटन में आ रहे हैं, तो बेहद दुख हुआ। मऊ अब मेडिकल माफियाओं का जिला बन चुका है। यहाँ सरकारी अस्पतालों के बाहर प्राइवेट अस्पतालों की एंबुलेंस खड़ी रहती हैं। दलाली और कमीशनखोरी के लिए लोगों की जिंदगियों का सौदा किया जा रहा है।कानून व्यवस्था पर मुख्यमंत्री के दावों को खारिज करते हुए AAP प्रवक्ता ने कहा, “योगी जी का यह कहना कि मऊ से माफिया, अपराध और आतंक खत्म हो गया है, सरासर झूठ है। योगी जी के रैली स्थल से कुछ ही दूरी पर खुलेआम हत्या हुई है। जो मंत्री उनके साथ मंच साझा कर रहे थे, उनके सार्वजनिक कार्यक्रम में भी खुलेआम गोली चली थी। स्थानीय सांसद राजीव राय जी दिन-रात उस हिस्ट्रीशीटर का जिक्र कर रहे हैं, जो मंत्री ए.के. शर्मा के साथ घूम रहा है।
0 दुबारी चकबंदी मामले में सांसद संजय सिंह का पत्र:
सर्वेश मिश्रा ने जानकारी दी कि सांसद संजय सिंह जी ने मऊ जनपद के दुबारी में चकबंदी (धारा 52) को संपन्न कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को पत्र लिखा है।
उन्होंने बताया, “मधुबन विधानसभा के अध्यक्ष जयराम यादव जी इस समस्या को लेकर मेरे पास आए थे। इसके बाद मैंने सांसद संजय सिंह जी से अनुरोध किया था, जिस पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री जी को पत्र लिखकर सालों से रुकी हुई चकबंदी प्रक्रिया को जल्द पूरा कराने की मांग की है। चकबंदी न होने के कारण जमीन, राजस्व, खेती-किसानी और पारिवारिक बंटवारे जैसे सामाजिक कार्यों में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हमें उम्मीद है कि मऊ की जनता को जल्द ही इस समस्या से निजात मिलेगी। इस अवसर पर अविनाश सिंह,अवधेश मौर्य, आरमान खान आदि रहे।












