गाजीपुर। जनपद के मोहम्मदाबाद स्थित मुख्तार अंसारी के पैतृक आवास पर रविवार की देर रात यूपी पुलिस ने दबिश दी। आरोप है कि मऊ विधायक अब्बास अंसारी अपने पैतृक आवास पर अनाधिकृत रूप से बने हुए थे। इस मामले में पुलिस ने अब्बास अंसारी को नोटिस भी दिया है।पुलिस टीम अब्बास अंसारी के पैतृक आवास पहुंचकर करीब 15 से 20 मिनट तक उनसे पूछताछ की। अब्बास अंसारी ने पुलिस से बताया कि जिस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगाई थी, वह केस हाईकोर्ट की तरफ से खत्म कर दिया गया है। अब्बास ने बताया कि उन्हें सिर्फ उनके चुनावी क्षेत्र मऊ में रहने से रोका गया था। अब्बास की ओर से दावा किया गया कि गाजीपुर में रहने की जानकारी लिखित तौर पर उनकी ओर से मऊ डीएम और एसपी को दी गई थी। इस दौरान अब्बास ने कुछ डॉक्यूमेंट भी साझा किए।










