Home मऊ मऊ में चंद्रा पब्लिक स्कूल में पत्रकार मिलन समारोह और कवि सम्मेलन,...

मऊ में चंद्रा पब्लिक स्कूल में पत्रकार मिलन समारोह और कवि सम्मेलन, मुख्य अतिथि रहे ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा, पत्रकार भवन की उठी मांग, बोले- मैं थोड़ा शर्माता हूं, काम पर है विश्वास

मऊ। जिले में रविवार को पत्रकारिता और साहित्य का अनूठा संगम देखने को मिला। चंद्रा पब्लिक स्कूल में पत्रकार मिलन समारोह और कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा शामिल हुए। कार्यक्रम में जिले भर के पत्रकारों ने हिस्सा लिया और मंत्री से सीधा संवाद किया।

कार्यक्रम की शुरुआत में मंत्री ए.के. शर्मा का स्कूल परिसर में पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। पत्रकारों और आयोजकों ने उन्हें पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से खुलकर बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना।

पत्रकार मिलन समारोह के दौरान पत्रकारों ने अपनी प्रमुख मांगों को मंत्री के सामने रखा। पत्रकारों ने कहा कि मऊ जिला मुख्यालय और मधुबन में पत्रकारों के लिए एक पत्रकार भवन का निर्माण कराया जाए, जहां पत्रकार बैठकर अपना काम कर सकें, बैठकें कर सकें और अपनी समस्याओं पर चर्चा कर सकें।

पत्रकारों ने कहा कि जिले में पत्रकार दिन-रात मेहनत करके जनता की आवाज को सरकार तक पहुंचाते हैं, लेकिन उनके बैठने और काम करने के लिए कोई स्थायी स्थान नहीं है। इस मांग को सभी पत्रकारों ने एक स्वर में बुलंद किया।

इस पर मंत्री ए.के. शर्मा ने पत्रकारों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और पत्रकार हितों के लिए सरकार हमेशा साथ खड़ी है।

कार्यक्रम के दौरान जब पत्रकारों ने मंत्री से उनकी पत्रकारों से दूरी को लेकर सवाल किया तो मंत्री ए.के. शर्मा ने हंसते हुए बहुत ही सहज अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा, “मैं थोड़ा शर्माता हूं, इसलिए आप लोगों से थोड़ा दूर रहता हूं। मुझे बोलने से ज्यादा काम करने पर विश्वास है।”

मंत्री के इस जवाब पर पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा। उन्होंने कहा कि वे प्रचार में विश्वास नहीं करते, वे जमीन पर काम करके दिखाने में विश्वास करते हैं। ऊर्जा विभाग और नगर विकास विभाग में किए जा रहे कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मऊ सहित पूरे प्रदेश में बिजली और नगर विकास के क्षेत्र में बड़े काम हो रहे हैं, जिनका लाभ आम जनता को मिल रहा है।

पत्रकार मिलन के बाद आयोजित कवि सम्मेलन ने कार्यक्रम को और भी रोचक बना दिया। प्रसिद्ध कवि पंकज प्रखर और डंडा बनारसी सहित अन्य कवियों ने अपनी कविताओं और हास्य व्यंग्य से श्रोताओं को खूब हंसाया और तालियां बटोरीं। कवियों ने देशभक्ति, सामाजिक मुद्दों और वर्तमान हालात पर अपनी रचनाएं सुनाईं लोगों ने खूब आनंद लिया।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने मुख्य अतिथि मंत्री ए.के. शर्मा, सभी पत्रकारों और कवियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम पत्रकारों और समाज के बीच संवाद को मजबूत करते हैं।

Author Profile

पवन कुमार पाण्डेय
पवन कुमार पाण्डेय
प्रधान सम्पादक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here