Home मऊ मधुबन में लटके हाईटेंशन तार से बुजुर्ग की मौत मामलें में FIR...

मधुबन में लटके हाईटेंशन तार से बुजुर्ग की मौत मामलें में FIR दर्ज, दो बिजलीकर्मी नामजद

मऊ। नगर पंचायत मधुबन के वार्ड नंबर 11 ककराडीह में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मंगलवार देर सायं हुई सुग्रीव साहनी की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मृतक के भतीजे राहुल साहनी की तहरीर पर मधुबन थाने में बिजली विभाग के दो कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित राहुल  साहनी पुत्र सुभाष साहनी ने थानाध्यक्ष मधुबन को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसके चाचा सुग्रीव साहनी पुत्र स्व0 शिवभजन साहनी 29 सितम्बर 2026 को सायं लगभग 7 बजे कठघराशंकर मोड़ से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के प्राथमिक पाठशाला ककराडीह के पीछे लटके हुए 11000 हाईटेंशन के नंगे तार की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

राहुल ने तहरीर में बताया कि इस लटके हुए तार की शिकायत गांव वालों और सभासद प्रतिनिधि ने सुबह 10 बजे ही विद्युत विभाग को दे दी थी। एसडीओ और उनके कर्मचारी भोला राजभर को फोन कर सूचित करने के लिए कई बार काल किया गया, लेकिन फोन नहीं उठाया गया। मौके पर जाकर जब सुशील मौर्या से कहा गया तो उसने अनिल कुमार को भेजने की बात कही, लेकिन कोई भी कर्मचारी तार को ठीक करने नहीं आया। आरोप है कि विभाग की इसी लापरवाही के कारण उसके चाचा की जान गई।पुलिस इस मामले में अनिल कुमार मधुबन और सुशील मौर्या निवासी ककराडीह, मधुबन के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है।

मधुबन पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले की विवेचना सब-इंस्पेक्टर जितेन्द्र कुमार सिंह को सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद से ककराडीह गांव में विद्युत विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि कई दिनों से तार लटका हुआ था और विभाग को कई बार सूचना दी गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। यह मौत नहीं, बल्कि विभाग द्वारा की गई हत्या है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और दोषी कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Author Profile

पवन कुमार पाण्डेय
पवन कुमार पाण्डेय
प्रधान सम्पादक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here