Home मऊ फतहपुर मंडाव: सपा कैंप कार्यालय पर पूर्व मंत्री रामगोविंद चौधरी को दी...

फतहपुर मंडाव: सपा कैंप कार्यालय पर पूर्व मंत्री रामगोविंद चौधरी को दी गई श्रद्धांजलि, नेताओं ने बताया अपूरणीय क्षति

मऊ। जनपद के मधुबन तहसील क्षेत्र स्थित समाजवादी पार्टी के कैंप कार्यालय पर सोमवार को पूर्व मंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष रहे रामगोविंद चौधरी के निधन पर शोकसभा एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित समाजवादी पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। कार्यक्रम का आयोजन सपा के प्रदेश सचिव गुड्डू चौधरी के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान सपा नेताओं ने पूर्व मंत्री के राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन पर प्रकाश डाला।

शोकसभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि रामगोविंद चौधरी का निधन समाजवादी पार्टी ही नहीं, बल्कि पूरे पूर्वांचल के समाजवादी आंदोलन के लिए अपूरणीय क्षति है। वह आठ बार विधायक रहे, उत्तर प्रदेश सरकार में कई बार मंत्री रहे और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में उन्होंने गरीबों, पिछड़ों, दलितों और किसानों की आवाज को बुलंद किया। उन्होंने कहा कि चौधरी साहब सिद्धांतों की राजनीति करते थे। वह बांसडीह विधानसभा क्षेत्र से लगातार जीतते रहे और अपने सरल स्वभाव और संघर्षशील व्यक्तित्व के कारण जनता के दिलों में राज करते थे। उनका जीवन सामाजिक न्याय की लड़ाई को समर्पित था।

प्रदेश सचिव गुड्डू चौधरी ने कहा कि रामगोविंद चौधरी हम सभी के अभिभावक थे। उनका जाना एक युग का अंत है। उनके दिखाए हुए समाजवादी रास्ते पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।इस शोकसभा में सपा जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव, बलिया के पूर्व जिलाध्यक्ष आद्याशंकर यादव, चंद्रमणि यादव गुड्डू पूर्व प्रमुख प्रतिनिधि, पूर्व जिला पंचायत सदस्य रमायन यादव, विजयशंकर यादव, अशोक लोहिया, ओमप्रकाश लीडर, अरविंद पांडेय, विजयशंकर पांडेय, हरिंदर यादव, कल्पनाथ यादव, रविशंकर यादव सहित बड़ी संख्या में सपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि रामगोविंद चौधरी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा और उनके अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए पार्टी संघर्ष करती रहेगी। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

Author Profile

पवन कुमार पाण्डेय
पवन कुमार पाण्डेय
प्रधान सम्पादक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here