Home मऊ सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पालिका सहित समस्त नगर पंचायतों में...

सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पालिका सहित समस्त नगर पंचायतों में चला स्वच्छता अभियान

मऊ। सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद में स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ते हुए नगर पालिका परिषद मऊ सहित समस्त नगर पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत विभिन्न सार्वजनिक स्थलों एवं प्रमुख मार्गों पर साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
नगर पालिका परिषद मऊ द्वारा गाजीपुर तिराहे के आसपास आयोजित ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान में मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव ने प्रतिभाग करते हुए श्रमदान किया। इस दौरान नगर पालिका के कार्मिकों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए साफ-सफाई की तथा स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जनपदवासियों से सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले स्वच्छता कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि ‘स्वच्छ मऊ, स्वच्छ भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए जनपद को कचरामुक्त एवं प्लास्टिकमुक्त बनाने में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।
उन्होंने लोगों से अपने आसपास नियमित रूप से साफ-सफाई रखने, प्लास्टिक का प्रयोग कम करने तथा गीले एवं सूखे कचरे का उचित निस्तारण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक माह तक चलने वाले इस अभियान को जनसहभागिता के माध्यम से व्यापक रूप दिया जाए, ताकि स्वच्छता एक अभियान न रहकर जनपदवासियों की दैनिक आदत और जिम्मेदारी बने।
स्वच्छता अभियान में मुख्य विकास अधिकारी सहित अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद मणि भूषण तिवारी,नगर पालिका के कर्मचारी एवं अन्य संबंधित कार्मिकों ने श्रमदान कर ‘स्वच्छता ही सेवा’ का संदेश दिया।

Author Profile

पवन कुमार पाण्डेय
पवन कुमार पाण्डेय
प्रधान सम्पादक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here