मऊ। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर का जन्मदिन पूरे जनपद में धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह केक काटकर उनके दीर्घायु होने की कामना की और उनके उत्तम स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की।
0 कोपागंज में प्रदेश कोषाध्यक्ष ने काटा केक…
कोपागंज में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश कोषाध्यक्ष अंकित सिंह गांधी ने कार्यकर्ताओं के साथ केक काटा। इस दौरान उन्होंने कहा कि ओमप्रकाश राजभर गरीबों, वंचितों और पिछड़ों की आवाज हैं। उन्होंने हमेशा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के हक की लड़ाई लड़ी है। उनके नेतृत्व में पार्टी लगातार मजबूत हो रही है और कार्यकर्ताओं में नया जोश है। उन्होंने मंत्री जी के दीर्घायु होने की कामना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में प्रदेश और तेजी से विकास करेगा।
0 मधुबन में प्रदेश उपाध्यक्ष ने दी शुभकामनाएं…
मधुबन में प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कुमार तिवारी के नेतृत्व में जन्मदिन समारोह का आयोजन किया गया। सुनील कुमार तिवारी ने केक काटकर कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर को जन्मदिन की बधाई दी और उनके लंबे जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि ओमप्रकाश राजभर एक ऐसे नेता हैं जो जमीन से जुड़े हैं। वह हमेशा कार्यकर्ताओं के सुख-दुख में खड़े रहते हैं। उनकी सादगी और संघर्ष ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।
उन्होंने कहा कि ओमप्रकाश राजभर के नेतृत्व में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने पूर्वांचल में एक नई पहचान बनाई है। सरकार में रहकर वह लगातार विकास कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं।इस अवसर पर दोनों जगहों पर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर खुशी मनाई और ओमप्रकाश राजभर जिंदाबाद के नारे लगाए। इस दौरान अभिषेक सिंह, मारकंडे राजभर, हरिशंकर राजभर, रोहित राजभर सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने मंत्री जी के व्यक्तित्व की सराहना की और उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों को गिनाया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि ओमप्रकाश राजभर
के जन्मदिन पर हम सभी संकल्प लेते हैं कि पार्टी को और मजबूत करेंगे और उनके बताए रास्ते पर चलेंगे।











