मऊ। जनपद के इंदारा स्थित कल्पनाथ राय मेडिकल कॉलेज के सभागार में मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में निदेशक डॉ. मनीष राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित होने वाले सेवा पखवाड़े की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा। इस दौरान महिला रोग विभाग में उपचार और प्रसव संबंधी सेवाओं का लाभ लेने वाली महिलाओं को विशेष राहत दी जाएगी।डॉ. मनीष राय ने बताया कि सेवा पखवाड़े के तहत महिला रोग विभाग में ऑपरेशन के लिए आने वाली महिलाओं को निर्धारित शुल्क में 50 फीसदी की छूट दी जाएगी। सामान्य तौर पर पांच हजार रुपये में होने वाला ऑपरेशन अब पखवाड़े के दौरान महज ढाई हजार रुपये में किया जाएगा। इसी तरह सामान्य प्रसव के लिए निर्धारित दो हजार रुपये का शुल्क घटाकर मात्र एक हजार रुपये कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि दवाओं पर पहले से दी जा रही 50 फीसदी की छूट भी जारी रहेगी। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को इलाज कराने में काफी राहत मिलने की उम्मीद है। निदेशक डॉ मनीष राय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को मेडिकल कॉलेज परिसर में वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में मऊ के अलावा आसपास के अन्य जिलों से भी लोग पहुंचकर रक्तदान करेंगे। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवन बचाने का माध्यम बन सकता है। इसलिए अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जुड़कर रक्तदान करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और जनकल्याण के संकल्प से प्रेरित होकर मेडिकल कॉलेज की ओर से सेवा पखवाड़े की शुरुआत की जा रही है। इसका उद्देश्य लोगों को कम खर्च में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।
0 झोलाछापों से सावधान रहने की अपील…
मऊ। निदेशक डॉ. मनीष राय ने ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों के लोगों से चट्टी-चौराहों पर संचालित झोलाछाप चिकित्सकों से इलाज कराने से बचने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों से सावधानी बरतने को कहा। उन्होंने कहा कि कई बार लोग कम खर्च के लालच में ऐसे लोगों के पास चले जाते हैं और गंभीर परिस्थितियों में सीजेरियन या अन्य उपचार करा लेते हैं। इससे मरीज की जान पर भी खतरा पैदा हो सकता है।
उन्होंने कहा कि प्रसव और ऑपरेशन जैसे मामलों में प्रशिक्षित चिकित्सकों और मान्यता प्राप्त चिकित्सा संस्थानों का ही सहारा लेना चाहिए। मेडिकल कॉलेज में कम शुल्क पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, इसलिए लोग इसका लाभ उठाएं और अनधिकृत स्थानों पर उपचार कराने से बचें।निदेशक ने जिले के लोगों से अपील की कि सेवा पखवाड़े के दौरान उपलब्ध रियायती चिकित्सा सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। साथ ही 17 सितंबर को आयोजित होने वाले रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचकर रक्तदान के इस पुनीत अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।










