Home मऊ निर्माणाधीन म्युनिसिपल सॉलिड वेस्ट प्लांट का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, कार्य शीघ्र...

निर्माणाधीन म्युनिसिपल सॉलिड वेस्ट प्लांट का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, कार्य शीघ्र पूर्ण कर संचालन शुरू करने के दिए निर्देश

मऊ। नगर पालिका परिषद रैनी क्षेत्र में निर्माणाधीन म्युनिसिपल सॉलिड वेस्ट प्लांट का जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त करते हुए कार्यदायी संस्था को सभी शेष प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण कर संयंत्र को संचालित करने के निर्देश दिए।
अधिशासी अधिकारी ने बताया कि प्रस्तावित 130 टीपीडी (टन प्रतिदिन) क्षमता के इस ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्र में प्रतिदिन 130 टन अपशिष्ट का वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण किया जाएगा। परियोजना के अंतर्गत अपशिष्ट का प्रबंधन तीन श्रेणियों में किया जाएगा।
संयंत्र में 65 टीपीडी (लगभग 50 प्रतिशत) गीले कचरे का प्रसंस्करण किया जाएगा, जिसे एरोबिक विंड्रो कम्पोस्टिंग अथवा बायो-मीथेनेशन इकाइयों में भेजा जाएगा। वहीं 45.5 टीपीडी (लगभग 35 प्रतिशत) सूखे अपशिष्ट, जैसे कागज, प्लास्टिक, कांच, धातु एवं अन्य पुनर्चक्रण योग्य अथवा ज्वलनशील पदार्थों का प्रबंधन मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) के माध्यम से किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 19.5 टीपीडी (लगभग 15 प्रतिशत) निष्क्रिय अपशिष्ट, जिनमें सड़क सफाई से प्राप्त कचरा, गार्डन वेस्ट तथा पुनर्चक्रण एवं कम्पोस्टिंग योग्य न होने वाले अवशेष शामिल हैं, का वैज्ञानिक निस्तारण सेनेटरी लैंडफिल सुविधा में किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि परियोजना की कार्यदायी संस्था सी एंड डीएस (C&DS) है तथा संयंत्र के संचालन, अनुरक्षण एवं मशीनरी स्थापना हेतु एजेंसी चयन की तकनीकी निविदा परीक्षण प्रक्रिया वर्तमान में प्रचलित है।
निरीक्षण के दौरान परियोजना निर्धारित समय से विलंबित होने पर जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि सभी औपचारिकताएं एवं तकनीकी प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण करते हुए संयंत्र को जल्द से जल्द संचालन योग्य बनाया जाए। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न करने तथा परिसर की समुचित साफ-सफाई बनाए रखने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद एवं सी एंड डीएस के प्रतिनिधियों को समस्त आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि जनपद में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की आधुनिक एवं वैज्ञानिक व्यवस्था शीघ्र प्रारंभ हो सके।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी मणि भूषण मिश्रा, सी एंड डीएस के सहायक अभियंता तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here