मऊ। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को जनपद के मधुबन क्षेत्र के दुबारी गांव में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री और मझवारा निवासी उत्पल राय ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मधुबन की जनता अब बाहरी लोगों के मंसूबों को अच्छी तरह से जान चुकी है। इस बार विधानसभा चुनाव स्थानीय बनाम बाहरी के मुद्दे पर ही लड़ा जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्पल राय ने कहा, “मैंने सदैव मधुबन की सेवा की है। यहां की मिट्टी से मेरा रिश्ता पुराना है। यदि मुझे एक बार फिर विधायक बनने का अवसर मिलता है, तो मेरे मन में एक ही उद्गार है कि मैं मधुबन को वास्तव में मधुबन बनाऊंगा। यहां की सड़कों, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को प्राथमिकता दूंगा।”
उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र की जनता बदलाव चाहती है और बाहरी प्रत्याशियों को अब स्वीकार नहीं करेगी। “बाहरी लोग चुनाव के समय आते हैं और फिर पांच साल गायब हो जाते हैं। मधुबन को ऐसे प्रतिनिधि की जरूरत है जो यहां रहे, यहां की समस्याएं समझे और उनका समाधान करे,” ।
बताया कि 1997, 2002 और 2012 में मधुबन विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं और राज्य मंत्री भी रह चुके हैं। गुरु पूर्णिमा के इस आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे। उनके बयान के बाद क्षेत्र की सियासत में हलचल तेज हो गई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अगले चुनाव में “स्थानीय बनाम बाहरी” का मुद्दा मधुबन की सबसे बड़ी बहस बन सकता है।










