मऊ। जिलाधिकारी के आदेशानुसार तथा मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशानुसार महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित हब फॉर इंपॉवरमेंट ऑफ वूमेन टीम के तत्वावधान में बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ एवं मिशन शक्ति योजना के अंतर्गत रानीपुर (मऊ) में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने विद्यालय परिसर तथा आसपास के क्षेत्र में जागरूकता रैली निकालकर बालिका शिक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं लैंगिक समानता का संदेश दिया। रैली में विद्यार्थियों ने “बेटी है तो कल है”, “बेटी पढ़ेगी, देश बढ़ेगा” तथा “नारी सम्मान, देश का अभिमान” जैसे प्रेरणादायक नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
रैली के उपरांत विद्यालय परिसर में “एक पेड़ बेटी के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला कल्याण विभाग की टीम, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला मिशन समन्वयक श्रीमती अर्चना राय ने कहा कि बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान समाज के समग्र विकास की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है और अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा एवं आपातकालीन सहायता से संबंधित हेल्पलाइन नंबर 112, 181, 108, 1090, 1098 एवं 1076 की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार की समस्या या आपात स्थिति में इन सेवाओं का चौबीसों घंटे निःसंकोच उपयोग किया जा सकता है।
साथ ही महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, जिनमें निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना तथा उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मीबाई योजना शामिल हैं, की जानकारी भी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को प्रदान की गई।
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा बेटी शिक्षा, महिला सम्मान एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति सदैव जागरूक रहने तथा समाज में इन मूल्यों को बढ़ावा देने की शपथ के साथ हुआ।
इस अवसर पर जिला मिशन समन्वयक श्रीमती अर्चना राय, जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीमती राखी राय, जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीमती तृप्ति राय, विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री वीरेंद्र कुमार आनंद, विद्यालय के समस्त शिक्षक, स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।










