
मऊ।जनपद के
रामपुर थाना पुलिस की साइबर टीम ने तत्परता दिखाते हुए क्षेत्र के नागरिकों के गुम हुए दो कीमती मोबाइल फोन बरामद कर शनिवार को उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया। बरामद किए गए मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 21,500 रूपए बताई जा रही है। अपना खोया हुआ फोन वापस पाकर मोबाइल स्वामियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने पुलिस प्रशासन की सराहना की। यह सफलता पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर और अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के कुशल निर्देशन में चलाए जा रहे साइबर फ्रॉड रोकथाम व जागरूकता अभियान के तहत मिली है। क्षेत्राधिकारी मधुबन दिनेश दत्त मिश्रा एवं थानाध्यक्ष रामपुर सुनील कुमार सरोज के नेतृत्व में गठित साइबर टीम ने इस रिकवरी को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि पीड़ितों द्वारा मोबाइल गुमशुदगी की शिकायत भारत सरकार के सीइआईआर पोर्टल पर दर्ज कराई गई थी। साइबर टीम ने पोर्टल से मिले ट्रेसबिलिटी डेटा और तकनीकी इनपुट का उपयोग करते हुए दोनों मोबाइलों को सफलतापूर्वक ट्रैक और बरामद किया।थाना परिसर में शनिवार को रजनीश तिवारी निवासी कंधारपुर को उनका रियलमी आरबीएस 9521 एन फोन वापस मिला, जिसकी कीमत करीब 12,500 है।श्यामसुन्दर निवासी कुतुबपुर जिनका फोन कुतुबपुर बाजार में गुम हुआ था, उन्हें रेडमी 9 ए फोन सौंपा गया, जिसकी कीमत करीब 9,000 है। इस त्वरित कार्रवाई और मोबाइल बरामदगी में थाना रामपुर के उपनिरीक्षक प्रमोद मद्देशिया, महिला उ0नि0 अनुराधा, कांस्टेबल नीरज शर्मा और कांस्टेबल नीलेश मिश्रा की मुख्य भूमिका रही।जनहित में थानाध्यक्ष रामपुर सुनील कुमार सरोज ने आम जनता से अपील की है कि यदि आपका मोबाइल फोन कभी चोरी या गुम हो जाता है, तो तत्काल इसकी सूचना अपने नजदीकी थाने में दें। इसके साथ ही भारत सरकार के आधिकारिक सीइआईआर पोर्टल पर अपनी शिकायत जरूर दर्ज कराएं, ताकि तकनीकी सहायता से आपका फोन ब्लॉक और ट्रेस किया जा सके।









