मऊ। जनपद के विकास खंड फतहपुर मंडाव के उच्च प्राथमिक विद्यालय फतहपुर तालरतोय की छात्रा महिमा यादव का चयन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय, कसारा में कक्षा-9 में प्रवेश हेतु हुआ है। छात्रा की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
महिमा यादव ने इससे पहले वर्ष 2025 में कक्षा-8 में अध्ययन के दौरान राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति (एनएमएमएस) परीक्षा भी उत्तीर्ण की थी। इसी परीक्षा में विद्यालय के छात्र-छात्राओं राधा एवं विशाल यादव का भी चयन हुआ था, जिससे विद्यालय की शैक्षिक उपलब्धियों में एक और उपलब्धि जुड़ गई है।
छात्रा के अभिभावक हरिशंकर यादव ने अपनी पुत्री की सफलता का श्रेय विद्यालय के शिक्षकों को देते हुए कहा कि प्रधानाध्यापक ओमप्रकाश मौर्य तथा सहायक अध्यापक श्रीमती राजकुमारी, सुशील कुमार यादव, शशिप्रकाश मल्ल और अनुदेशक जितेंद्र कुमार गोंड के कुशल मार्गदर्शन और नियमित तैयारी के कारण उनकी बेटी यह सफलता हासिल कर सकी।
प्रधानाध्यापक एवं जिला स्काउट मास्टर ओमप्रकाश मौर्य ने बताया कि नवोदय विद्यालय एवं सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए विद्यालय स्तर पर विशेष मार्गदर्शन दिया जाता है। इसके लिए उन्होंने अपने स्तर से प्रवेश परीक्षा संबंधी गाइड उपलब्ध कराई थी, जिन्हें सप्ताह में दो दिन विद्यार्थियों को अध्ययन हेतु दिया जाता था, ताकि वे सही दिशा में तैयारी कर सकें। उन्होंने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर मार्गदर्शन प्रदान करता रहेगा।










