मऊ। जनपद के किसानों की समस्याओं के त्वरित निराकरण तथा कृषि एवं अन्य विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से माह जुलाई 2026 का “किसान दिवस” आगामी 15 जुलाई 2026 (बुधवार) को विकास भवन सभागार, मऊ में दोपहर 12:00 बजे जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित किया जाएगा।
उप कृषि निदेशक, मऊ ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के तृतीय बुधवार को किसान दिवस का आयोजन किया जाता है। इसमें कृषि विभाग सहित कृषि से संबंधित सभी विभागों के अधिकारी, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक, बैंक एवं बीमा कंपनियों के प्रतिनिधि तथा प्रगतिशील किसान सहभागिता करते हैं।
किसान दिवस के दौरान किसानों को कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, गन्ना, कृषि रक्षा सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। साथ ही किसानों की समस्याओं एवं सुझावों को सुनकर उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।
उप कृषि निदेशक ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को किसान दिवस में समय से उपस्थित रहने तथा अपने-अपने विभागों की योजनाओं की अद्यतन जानकारी के साथ प्रतिभाग करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही किसान प्रतिनिधियों एवं अधिक से अधिक किसानों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया है, ताकि किसानों की समस्याओं का प्रभावी समाधान किया जा सके।










