0 जनप्रतिनिधि व अधिकारी होंगे शामिल, ग्राम सभाओं के साथ मनाया जाएगा हरित उत्सव
मऊ। पंचायत राज अधिकारी किरण वर्मा ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से रविवार, 12 जुलाई को जनपद मऊ में बृहद वृक्षारोपण महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। जिले की सभी ग्राम पंचायतों में एक साथ पौधरोपण कर हरियाली का संदेश दिया जाएगा।
अभियान के तहत जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में सार्वजनिक स्थलों पर पौधरोपण किया जाएगा। इस अवसर को उत्सव के रूप में मनाते हुए ग्राम सभाओं का आयोजन होगा, जिसमें पर्यावरण संरक्षण, पौधों की देखभाल तथा स्वच्छ एवं हरित ग्राम के संकल्प को दोहराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वृक्षारोपण भविष्य की पीढ़ियों के सुरक्षित जीवन का संकल्प है। पौधे लगाने के साथ उनका संरक्षण भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। जनभागीदारी से ही यह अभियान सफल और स्थायी बनेगा।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के जिला सलाहकार अंकित कुमार सिंह ने कहा, “एक पौधा लगाएं, उसकी देखभाल करें और हरित मऊ के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।
जिला पंचायत राज अधिकारी किरन वर्मा ने सभी ग्राम प्रधानों/प्रशासकों, पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, विद्यालयों, युवाओं एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर वृक्षारोपण महोत्सव को जनआंदोलन का स्वरूप देने की अपील की है।












