Home मऊ जिलाधिकारी ने जून माह के उच्च मूल्य के तीन बैनामों का किया...

जिलाधिकारी ने जून माह के उच्च मूल्य के तीन बैनामों का किया स्थलीय परीक्षण,एक प्रकरण में जांच के दिए निर्देश

मऊ। जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने आज जनपद में पंजीकृत उच्च मूल्य के बैनामों की जांच के क्रम में जून माह में पंजीकृत तीन बड़े मूल्य के बैनामों का स्थलीय निरीक्षण एवं अभिलेखों का परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अभिलेखों, स्टांप शुल्क एवं मौके की स्थिति का गहन मिलान कराया तथा अधिकारियों को सभी प्रकरणों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बैनामा संख्या 5327/2026 का परीक्षण किया गया, जिसमें क्रेता श्रीमती सुमन भारद्वाज हैं। इस बैनामे की मालियत 3 करोड़ 27 लाख 8 हजार रुपये है। यह संपत्ति तहसील सदर के अंतर्गत मौजा ताहीरपुर में स्थित है तथा इसका क्षेत्रफल 1308.25 वर्ग मीटर है। मौके पर अभिलेखों एवं स्टांप शुल्क का मिलान करने पर सभी विवरण सही पाए गए।
इसके उपरांत बैनामा संख्या 5462/2026 का परीक्षण किया गया, जिसमें क्रेता श्रीमती अंजू हैं। इस बैनामे की मालियत 1 करोड़ 19 लाख 16 हजार रुपये है। यह संपत्ति तहसील सदर के अंतर्गत मौजा हकीकतपुर में स्थित है तथा इसका क्षेत्रफल 375 वर्ग मीटर है। स्थलीय निरीक्षण एवं अभिलेखों के परीक्षण में यह प्रकरण भी सही पाया गया।
वहीं बैनामा संख्या 5495/2026, जिसमें क्रेता जेपी फाउंडेशन (श्री शैलेंद्र मिश्रा) की मालियत 2 करोड़ 10 लाख रुपये है। यह संपत्ति तहसील सदर के अंतर्गत मौजा ख्वाजाजहाँपुर में स्थित है तथा इसका क्षेत्रफल 1830 वर्ग मीटर है। इस प्रकरण में स्थलीय परीक्षण के दौरान अभिलेखों एवं स्टांप शुल्क के संबंध में संदिग्ध स्थिति पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित तहसील से विस्तृत आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी श्री आनंद वर्द्धन ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण की नियमानुसार, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से जांच करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व एवं स्टांप से संबंधित मामलों में किसी भी प्रकार की अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर एआईजी स्टांप श्री राकेश सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here