मऊ। जिला विद्यालय निरीक्षक गौतम प्रसाद ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज द्वारा आयोजित वर्ष-2027 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं को पूर्णतः नकलविहीन, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से परीक्षा केंद्रों का निर्धारण ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में परीक्षा केंद्र निर्धारण हेतु विद्यालयों के अवस्थापना संबंधी भौतिक संसाधनों, उपलब्ध सुविधाओं एवं अन्य आधारभूत सूचनाओं को परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा अपलोड किया जाना अनिवार्य है। इसके लिए 20 जुलाई, 2026 अंतिम तिथि निर्धारित की गई है।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने जनपद के समस्त राजकीय, सहायता प्राप्त एवं वित्तविहीन मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने विद्यालय की समस्त आवश्यक एवं प्रमाणिक सूचनाएं परिषद की वेबसाइट पर अनिवार्य रूप से अपलोड कराना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया अत्यंत महत्वपूर्ण है। निर्धारित समय सीमा के भीतर सूचना अपलोड न करने अथवा किसी प्रकार की शिथिलता बरतने पर संबंधित विद्यालय स्वयं उत्तरदायी होगा। अतः सभी प्रधानाचार्य समयबद्ध एवं गंभीरता के साथ शासन के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करें।










