Home मऊ युवक का शव फंदे से लटका मिलने से सनसनी, पुलिस व फोरेंसिक...

युवक का शव फंदे से लटका मिलने से सनसनी, पुलिस व फोरेंसिक टीम जांच में जुटी

मऊ। जनपद के मधुबन थाना क्षेत्र के दुबारी में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब शिव मंदिर के पास एक युवक का शव फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर मधुबन थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।
मृतक की पहचान प्रियांशु पुत्र मनोज गुप्ता (22) वर्ष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रियांशु तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह चाय-पकौड़ी की दुकान पर हलवाई का काम सीखने के साथ वहीं काम भी करता था। उसके बड़े भाई विशाल और प्रिंस भी हलवाई का कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
परिजनों के अनुसार करीब 12 वर्ष पूर्व प्रियांशु की मां का निधन हो गया था। परिवार में पिता मनोज गुप्ता मजदूरी कर किसी तरह घर का खर्च चलाते हैं। मृतक की तीन बहनें हैं, जिनमें एक की शादी हो चुकी है, जबकि दो बहनें अभी अविवाहित हैं। घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल है।
फिलहाल युवक द्वारा यह कदम क्यों उठाया गया, इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मधुबन थाना प्रभारी कृष्णकांत गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक टीम भी साक्ष्य जुटाने में लगी है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here