मऊ। जनपद के मधुबन में रविवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक विशेष अभियान चलाया गया। तहसील क्षेत्र के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर 14-15 साल की उम्र के किशोरियों को HPV वैक्सीन लगाई गयी। सीएचसी फतहपुर मंडाव अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने इस अभियान की शुरुआत की। इसके पीएचसी मधुबन, नेमडाड़, दुबारी, सुग्गी चौरी सहित सभी केंद्रों पर यह अभियान चला। इस दौरान कुल 96 किशोरियों का वैक्सीनेशन हुआ। डॉ. पाण्डेय ने बताया कि एचपीवी (HPV) वैक्सीन, ह्यूमन पेपिलोमा वायरस से बचाव का एक सुरक्षित टीका है। यह वायरस महिलाओं में सर्वाइकल (बच्चेदानी के मुंह) कैंसर, वल्वर व वैजाइनल कैंसर और पुरुषों में लिंग के कैंसर का मुख्य कारण बनता है। यह टीका युवावस्था और यौन सक्रिय होने से पहले लगवाने पर सबसे अधिक प्रभावी होता है। आज सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर 14-15 साल आयु वर्ग के किशोरियों को यह वैक्सीन लगाया गया। आगे भी यह अभियान चलता रहेगा। वहीं दूसरी तरफ सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला का भी आयोजन किया गया। जहाँ मरीजों को निशुल्क परामर्श के साथ निशुल्क दवाइयां वितरित की गई। पीएचसी मधुबन पर तैनात डॉ. मारकंडे यादव ने बताया कि जन आरोग्य मेला में आने वाले अधिकतर मरीज सामान्य मौसमी बीमारियों से पीड़ित नजर आए। पल पल बदलता मौसम लोगों के स्वास्थ्य को प्रभावित कर रहा है। लोग तेजी से मौसमी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। ऐसे में यहाँ मरीजों को बदलते मौसम के प्रति सतर्क रहने एवं नियमित साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने की नसीहत की गई। इस दौरान कुल 176 मरीजों का उपचार हुआ।












