Home मऊ जिलाधिकारी ने ICAR-NBAIM, कुशमौर का किया भ्रमण, कृषि अनुसंधान एवं किसानों के...

जिलाधिकारी ने ICAR-NBAIM, कुशमौर का किया भ्रमण, कृषि अनुसंधान एवं किसानों के हित में विकसित तकनीकों की ली जानकारी, संस्थान परिसर का निरीक्षण कर दिए आवश्यक निर्देश

मऊ। जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने आज कुशमौर स्थित प्रतिष्ठित अनुसंधान संस्थान भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के राष्ट्रीय कृषि उपयोगी सूक्ष्मजीव ब्यूरो (NBAIM) का भ्रमण किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान द्वारा कृषि क्षेत्र में किए जा रहे विभिन्न शोध कार्यों, जैव-प्रौद्योगिकी (बायोटेक्नोलॉजी) आधारित नवाचारों तथा किसानों के लिए विकसित की जा रही उन्नत वैज्ञानिक तकनीकों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने संस्थान के वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों के साथ बैठक कर कृषि उत्पादन में वृद्धि, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण तथा टिकाऊ कृषि प्रणाली को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे अनुसंधानों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों एवं अनुसंधान आधारित कृषि पद्धतियों को किसानों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना समय की आवश्यकता है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि के साथ-साथ कृषि क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।
जिलाधिकारी ने संस्थान द्वारा विकसित सूक्ष्मजीव आधारित तकनीकों एवं जैविक कृषि को प्रोत्साहित करने संबंधी प्रयासों की सराहना करते हुए जिला प्रशासन एवं संस्थान के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि किसानों को नवीनतम कृषि तकनीकों एवं शोध निष्कर्षों का लाभ उपलब्ध कराने हेतु संयुक्त रूप से कार्य किया जाए, ताकि जनपद के कृषक अधिक उत्पादक एवं लाभकारी खेती को अपनाने के लिए प्रेरित हो सकें।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने संस्थान परिसर का निरीक्षण कर विभिन्न प्रयोगशालाओं, अनुसंधान इकाइयों एवं अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को संस्थान की उपलब्धियों एवं तकनीकों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा किसानों के हित में अनुसंधान गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान संस्थान के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here