Home मऊ पीएम स्वनिधि योजना के तहत जून माह में चलेगा विशेष अभियान, वंचित...

पीएम स्वनिधि योजना के तहत जून माह में चलेगा विशेष अभियान, वंचित स्ट्रीट वेंडर्स को मिलेगा लाभ

मऊ। परियोजना अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय ठूडा-मऊ ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना की पहुंच को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 1 जून 2026 से 30 जून 2026 तक एक माह का विशेष अभियान संघालित किया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक फुटपाथ विक्रेताओं को योजना से जोड़कर उन्हें विभिन्न सुविधाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान को तीन स्तरों पर संचालित किया जाएगा। जनपदस्तर पर “स्वनिधि महोत्सव’ का आयोजन होगा, जिसमें स्ट्रीट वेंडर्स एवं उनके परिवारों की सफलता की कहानियों और उपलब्धियों का उत्सव मनाने के साथ-साथ योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी। नगर निकाय स्तर पर “लोक कल्याण मेलों” का आयोजन किया जाएगा, जहां ऋण एवं क्रेडिट कार्ड सुविधा, डिजिटल सशक्तिकरण, विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने, बैंकर्स और स्ट्रीट वेंडर्स की बैठकें आयोजित करने सहित आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं सेंसेस टाउन स्तर पर “स्वनिधि कैंप लगाए जाएंगे, जिनमें स्ट्रीट वेंडर्स की पहचान कर उन्हें योजना से जोड़ने और लाभान्वित करने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी। अभियान का मुख्य उद्देश्य पीएम स्वनिधि योजना की उपलब्धियों और सफलता की कहानियों को सामने लाना, बैंकों जनपद प्रशासन एवं मुख्य डिजिटल पार्टनर्स जैसे सभी हितधारकों के साथ समन्वय को मजबूत करना, डिजिटल कृषि समावेशन और वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देना तथा योजना की पहुंच का विस्तार करना है। इसके साथ ही ऐसे स्ट्रीट वेंडर्स तक पहुंच बनाना भी लक्ष्य है जो अभी तक इस योजना का लाभ नहीं ले सके हैं। विशेष अभियान के दौरान लंबित ऋण का वितरण, कल्याणकारी योजनाओं से स्ट्रीट वेंडर्स को जोड़ना, नए ऋण आवेदनों को प्रोत्साहित करना, स्वनिधि से समृद्धि योजना के अंतर्गत छूटे हुए वेंडर्स एवं उनके परिवारों की प्रोफाइलिंग तथा विभिन्न योजनाओं से लिंक करना भी सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अलावा द्वितीय ऋण पूरा कर चुके वेंडर्स के लिए क्रेडिट कार्ड आवेदन कराए जाएंगे तथा कार्ड प्राप्त लाभार्थियों को उसके उपयोग का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। अपर जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों के लिए संबंधित अधिशासी अधिकारियों तथा सेंसेस टाउन रतनपुरा, दोहरीघाट एवं मोहम्मदाबाद गोहना के लिए खण्ड विकास अधिकारी को इस विशेष अभियान का नोडल अधिकारी नामित किया है। परियोजना अधिकारी ने अपील करते हुए कहा कि ऐसे सभी फुटपाथ विक्रेता, जो अभी तक पीएम स्वनिधि योजना के लाभ से वंचित हैं वे जून से 30 जून 2026 तक आयोजित विशेष अभियान के दौरान अपने संबंधित नगर निकाय अथवा चयनित सेंसेस टाउन में पहुंच कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here