मऊ । ज्येष्ठ मास की तपती दुपहरी और आसमान से बरसती आग के बीच नगर पंचायत मधुबन में मानवता की एक अनूठी मिसाल देखने को मिली। शनिवार को क्षेत्र का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह बेहाल नजर आया। इस भीषण गर्मी और लू को देखते हुए नगर पंचायत मधुबन के व्यापार मंडल अध्यक्ष बबलू ठठेरा ने अपने को जनसेवा को समर्पित कर दिया। उन्होंने नगर के विभिन्न व्यस्त चौराहों और प्रमुख मार्गों पर राहगीरों के लिए निःशुल्क प्याऊ (ठंडे पानी) की व्यवस्था कराई।
व्यापार मंडल अध्यक्ष की इस अनूठी पहल के तहत नगर के पांच प्रमुख स्थानों— दुबारी मोड़, शहीद स्मारक, बस स्टेशन, भोला रोड मोड़ और अम्बेडकर तिराहा बनियाबान पर प्याऊ लगाए गए हैं, ताकि बाजार आने वाले ग्रामीणों, राहगीरों और ठेला-रिक्शा चालकों को इस भीषण गर्मी में भटकना न पड़े। इस पुनीत कार्य की क्षेत्र में हर तरफ सराहना हो रही है।
इस अवसर पर बबलू ठठेरा का हौसला बढ़ाने के लिए क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से भरत सिंह, प्रेमशंकर राय, राधेश्याम सिंह, ज्ञानप्रकाश मल्ल के साथ ही सभासद गोविंद यादव और विवेक हिंद सहित तमाम व्यापारियों व स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की और इस सामाजिक कार्य की भूरी-भूरी प्रशंसा की।












