Home मऊ सड़क पर पड़े बांस के डंडे से युवक ने कई लोगों को...

सड़क पर पड़े बांस के डंडे से युवक ने कई लोगों को पीटा, एक महिला की मौत, तीन घायल

मऊ, उ.प्र.। उत्तर प्रदेश के जनपद मऊ के घोसी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सुबह भोर में एक युवक ने सड़क पर पड़े बांस के डंडे से मुहल्ले के कई लोगों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना घोसी थाना क्षेत्र के कस्बा खास की है। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच राम अवतार सोनकर नाम का युवक घर से बाहर निकला। सड़क पर पड़ा बांस का मोटा डंडा उठाकर उसने गली में टहल रहे और घरों के बाहर सो रहे लोगों पर अंधाधुंध वार करना शुरू कर दिया। लोगों को कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला।

इस हमले में गुलाबी देवी नाम की महिला के सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जागे और किसी तरह आरोपी को पकड़ने की कोशिश की।

घटना की सूचना मिलते ही घोसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका गुलाबी देवी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायलों में दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस ने आरोपी राम अवतार सोनकर को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी मानसिक विक्षिप्त बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने भी बताया कि आरोपी पिछले कुछ दिनों से अजीब हरकतें कर रहा था और उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं था।

इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद इलाके में शोक का माहौल है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी है।

इस पूरे मामले को लेकर सीओ घोसी सत्येंद्र तिवारी ने बताया, “सुबह भोर में घोसी कस्बा खास में एक व्यक्ति द्वारा बांस के डंडे से लोगों पर हमला करने की सूचना मिली थी। इस हमले में एक महिला गुलाबी देवी की मौत हो गई है और तीन लोग घायल हैं। आरोपी राम अवतार सोनकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में वह मानसिक रूप से विक्षिप्त लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।”

पुलिस इस मामले को हर एंगल से देख रही है। क्या यह वाकई मानसिक विक्षिप्तता का मामला है या इसके पीछे कोई और वजह है, इसकी भी जांच की जा रही है। घायलों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद से पूरे घोसी कस्बे में मातम और दहशत का माहौल बना हुआ है।

Author Profile

पवन कुमार पाण्डेय
पवन कुमार पाण्डेय
प्रधान सम्पादक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here