संवाददाता:मनोज कुमार मौर्य
मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। कोतवाली क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद से आहत होकर 18 वर्षीय युवक ने तमसा नदी के पुल से छलांग लगा दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नाव के सहारे युवक की तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका। जानकारी के अनुसार मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के पट्टी गांव निवासी 18 वर्षीय आकाश गोंड पुत्र लालजी गोंड रविवार दोपहर करीब 2 बजे साइकिल से घर से निकला था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह सीधे तमसा नदी के पुल पर पहुंचा। कुछ देर तक वह पुल पर इधर-उधर टहलता रहा और फिर अचानक नदी में छलांग लगा दी।
पुल से गुजर रहे राहगीरों ने जब युवक को नदी में कूदते देखा तो शोर मचा दिया। देखते ही देखते पुल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। किसी ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस चौकी को दी। सूचना मिलते ही वलीदपुर चौकी प्रभारी नूरआलम मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल स्थानीय मछुआरों और ग्रामीणों की मदद से नाव के जरिए नदी में युवक की तलाश शुरू कराई। काफी देर तक नदी के आसपास जाल फेंका गया और गोताखोरों ने भी तलाश की, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण युवक का कोई सुराग नहीं मिला।घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमलकांत वर्मा भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और तत्काल एनडीआरएफ टीम को सूचना दी।
पुलिस के बुलाने पर एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई। एनडीआरएफ के जवानों ने अत्याधुनिक उपकरणों और नाव के सहारे नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने नदी के कई किलोमीटर क्षेत्र तक युवक की तलाश की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई पता नहीं चल सका था। अंधेरा होने के कारण देर शाम सर्च ऑपरेशन को रोकना पड़ा। पुलिस का कहना है कि सोमवार सुबह फिर से तलाश शुरू की जाएगी।
परिजनों के अनुसार आकाश गोंड घर में पारिवारिक विवाद के चलते काफी दिनों से तनाव में था। रविवार सुबह भी घर में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद वह गुस्से में घर से निकल गया था। परिजनों को अंदाजा नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगा।
घटना के बाद आकाश के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मां, पिता और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे पट्टी गांव में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीण तमसा नदी के किनारे युवक के मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमलकांत वर्मा ने बताया कि युवक के नदी में कूदने की सूचना मिली थी। स्थानीय पुलिस और एनडीआरएफ की टीम द्वारा लगातार तलाश की जा रही है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है। युवक के मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Author Profile
- प्रधान सम्पादक
Latest entries
मऊNovember 6, 2026एसडीएम मधुबन के निर्देश पर अवैध मिट्टी खनन पर बड़ी कार्रवाई: संयुक्त टीम ने 03 ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़कर की सीज
मऊNovember 6, 2026धनतेरस पर झुमकर लोगों ने किया खरीददारी
मऊNovember 6, 2026जिलाधिकारी की अध्यक्षता में किसान सहकारी चीनी मिल्स लिमिटेड घोसी के प्रबंध समिति की बैठक संपन्न
मऊNovember 6, 2026फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति किसानों को जागरूक करने हेतु प्रचार वाहन रवाना












