मऊ। जनपद के मधुबन थाना क्षेत्र के पिपरा कछार गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर में खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर लीकेज होने से अचानक आग लग गई, जिसमें 20 वर्षीय युवती गंभीर रूप से झुलस गई। वहीं घर में रखा कंबल, सिलाई मशीन, कपड़ों से भरा बक्सा समेत अन्य सामान जलकर राख हो गया। आगलगी में करीब 50 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के पिपरा कछार गांव निवासी श्रीनिवास की 20 वर्षीय पुत्री प्रतिमा अपने घर पर गैस जला कर खाना बनाने जा रही थी। बताया जा रहा है कि उसी समय बगल में लकड़ी के चूल्हे पर भी खाना बन रहा था। इसी दौरान गैस सिलेंडर से गैस लीक होने लगी और चूल्हे की चिंगारी से उसने आग पकड़ ली।
आग इतनी तेजी से फैली कि प्रतिमा उसकी चपेट में आ गई और गंभीर रूप से झुलस गई। घर में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह आग पर काबू पाया और झुलसी युवती को बाहर निकाला।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल घायल युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतहपुर मंडाव में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार युवती काफी हद तक झुलस गई है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
युवती के पिता श्रीनिवास ने बताया कि कल ही नया गैस सिलेंडर आया था और आज ही उसे लगाया गया था। उन्हें क्या पता था कि नया सिलेंडर ही उनके लिए काल बन जाएगा। उन्होंने बताया कि सिलेंडर लीकेज होने के कारण यह हादसा हुआ है।
श्रीनिवास ने बताया कि आगलगी की इस घटना में घर में रखा कंबल, एक सिलाई मशीन, कपड़ों से भरा बक्सा और अन्य घरेलू सामान जलकर खाक हो गया है। इससे परिवार को लगभग 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना के बाद गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि गैस एजेंसी द्वारा बिना जांच के सिलेंडर दे दिया जाता है, जिसके कारण ऐसी घटनाएं होती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस एजेंसी की लापरवाही की जांच की जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।
Author Profile
- प्रधान सम्पादक
Latest entries
मऊNovember 6, 2026एसडीएम मधुबन के निर्देश पर अवैध मिट्टी खनन पर बड़ी कार्रवाई: संयुक्त टीम ने 03 ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़कर की सीज
मऊNovember 6, 2026धनतेरस पर झुमकर लोगों ने किया खरीददारी
मऊNovember 6, 2026जिलाधिकारी की अध्यक्षता में किसान सहकारी चीनी मिल्स लिमिटेड घोसी के प्रबंध समिति की बैठक संपन्न
मऊNovember 6, 2026फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति किसानों को जागरूक करने हेतु प्रचार वाहन रवाना












