मऊ। जनपद के मधुबन तहसील परिसर स्थित उपनिबंधन कार्यालय में सोमवार दोपहर हुई तेज बारिश के बाद जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई।कार्यालय परिसर में पानी भर जाने से रजिस्ट्री कराने पहुंचे क्रेता-विक्रेताओं के साथ ही अधिवक्ताओं और कर्मचारियों को भी आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कार्यालय में आने-जाने के लिए लोगों को पानी के बीच ईंटें रखकर किसी तरह रास्ता बनाना पड़ा।बारिश के बाद कार्यालय परिसर में काफी देर तक पानी जमा रहा। रजिस्ट्री संबंधी कार्य के लिए दूर-दराज से पहुंचे लोगों को जलभराव के कारण कार्यालय तक पहुंचने में परेशानी हुई। खासकर बुजुर्ग और अस्वस्थ लोगों को पानी से होकर गुजरना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि उपनिबंधन कार्यालय का भवन पहले से ही जर्जर हालत में है, इसके बावजूद यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग रजिस्ट्री सहित अन्य जरूरी कार्यों के लिए पहुंचते हैं। बारिश के दिनों में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से परिसर में जलभराव की समस्या और गंभीर हो जाती है। वहीं, कार्यालय में पहुंचने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए रैंप की समुचित व्यवस्था नहीं होने से वृद्ध और दिव्यांग लोगों के लिए परेशानी का कारण बनता है। लोगों ने प्रशासन से उपनिबंधन कार्यालय भवन की स्थिति का निरीक्षण कर जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने, जर्जर भवन की मरम्मत अथवा नए भवन की व्यवस्था करने तथा बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए रैंप बनवाने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान कार्यालय आने वाले लोगों को इस तरह की परेशानी न उठानी पड़े।












