Home मऊ जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय रानीपुर का किया आकस्मिक निरीक्षण

जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय रानीपुर का किया आकस्मिक निरीक्षण

0 बालिकाओं से संवाद कर शैक्षणिक स्तर की ली जानकारी, व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के दिए निर्देश।

मऊ। जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने आज कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, रानीपुर का आकस्मिक निरीक्षण कर विद्यालय में पठन-पाठन, आवासीय व्यवस्था, भोजन, स्वच्छता एवं निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर बालिकाओं से संवाद किया तथा उनकी पढ़ाई-लिखाई से संबंधित विषयों पर सवाल-जवाब किए। अधिकांश बालिकाओं द्वारा प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर दिए गए। जिलाधिकारी ने छात्राओं को नियमित अध्ययन करने तथा शिक्षकों द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विद्यालय के किचन एवं स्टॉक रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने उपलब्ध खाद्य सामग्री का स्टॉक रजिस्टर से मिलान कराया तथा भोजन में प्रयुक्त होने वाली सामग्रियों की गुणवत्ता की भी जांच की, जो संतोषजनक पाई गई। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता व्यवस्था को निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने बालिकाओं के डॉरमेट्री का निरीक्षण किया। छात्रावास में बेहतर वेंटिलेशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि बालिकाओं को रहने के लिए स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध हो सके।
जिलाधिकारी ने कंप्यूटर कक्ष का भी निरीक्षण किया। सभी कंप्यूटर क्रियाशील स्थिति में पाए गए तथा बालिकाएं कंप्यूटर पर कार्य करती हुई मिलीं। उन्होंने कंप्यूटर शिक्षा को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। वहीं लाइब्रेरी के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि बालिकाओं की आवश्यकता के अनुरूप सभी आवश्यक एवं उपयोगी पुस्तकें उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
विद्यालय परिसर में टॉयलेट ब्लॉक एवं अतिरिक्त डॉरमेट्री के निर्माण कार्य का भी जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। निर्माण कार्य कार्यदायी संस्था यूपीसीएलडीएफ द्वारा कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। अतिरिक्त डॉरमेट्री में बाथरूम एवं टॉयलेट का निर्माण अलग स्थान पर प्रस्तावित होने पर उन्होंने नक्शे का पुनः परीक्षण कर, यथासंभव डॉरमेट्री परिसर के अंदर ही बाथरूम एवं टॉयलेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय के पीछे स्थित जर्जर भवन का भी जिलाधिकारी ने जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई पूर्ण करते हुए जर्जर भवन को ध्वस्त कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि आवासीय विद्यालय में अध्ययनरत बालिकाओं को सुरक्षित, स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण एवं सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विद्यालय की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करते हुए आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी रानीपुर सुनील कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here