Home मऊ दलित बस्ती में सड़क-नाली निर्माण को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, जनप्रतिनिधियों के...

दलित बस्ती में सड़क-नाली निर्माण को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी

मऊ। मधुबन तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत दुबारी स्थित दलित बस्ती में शनिवार सुबह सड़क और नाली निर्माण की मांग को लेकर सैकड़ों ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विकास कार्यों में उपेक्षा का आरोप लगाया।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप था कि दलित बस्ती में लंबे समय से सड़क और नाली की समस्या बनी हुई है। कई बार ग्राम प्रधान एवं संबंधित अधिकारियों से मौखिक और लिखित शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि जब ग्राम प्रधान से नाली निर्माण की मांग की जाती है तो कथित तौर पर यह कहकर टाल दिया जाता है कि दलित बस्ती से उन्हें वोट नहीं मिला, इसलिए वहां कोई कार्य नहीं कराया जाएगा।
ग्रामीणों ने बताया कि दुबारी दलित बस्ती से बिग्रहपुर जाने वाला लगभग 300 मीटर मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है। बरसात के दिनों में रास्ता कीचड़ और जलभराव से भर जाता है, जिससे आवागमन बेहद कठिन हो जाता है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर फिसलकर कई लोग घायल हो चुके हैं और कई लोगों के हाथ-पैर तक टूट चुके हैं। इसके बावजूद अब तक सड़क निर्माण की दिशा में कोई पहल नहीं की गई।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के पंचायत चुनाव में यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो दलित बस्ती के लोग मतदान का बहिष्कार करने पर भी विचार करेंगे।
प्रदर्शन में सुभाष प्रसाद, वीरप्रकाश (भीम आर्मी मंडल सचिव), मृत्युंजय कुमार, अजीत कुमार, प्रमोद प्रसाद, रामरतन, अमित कुमार, सचिंद्र, पतरु, अवधेश, विनोद, हरेराम, शैलेश, देवेंद्र सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here